Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)इटवा में घायल नर हिरण को परासी नाले से निकाला:वन विभाग और...

इटवा में घायल नर हिरण को परासी नाले से निकाला:वन विभाग और ग्रामीणों ने बचाया, उपचार के लिए भेजा


सिद्धार्थनगर जनपद के इटवा क्षेत्र में परासी नाले से मंगलवार को एक घायल नर हिरण को सुरक्षित बाहर निकाला गया। वन विभाग और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयासों से हिरण को रेस्क्यू किया गया और उपचार के लिए भेजा गया है। यह घटना भरभर साथा गांव के पश्चिम स्थित परासी नाले में हुई। ग्रामीणों ने बताया कि गांव से लगभग आधा किलोमीटर दूर नाले में एक हिरण घायल अवस्था में पड़ा हुआ था। इसकी सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल वन विभाग को सूचित किया। सूचना मिलते ही मिठौवा बीट, इटवा रेंज की वन विभाग टीम घटनास्थल पर पहुंची। वन विभाग के अधिकारियों और ग्रामीणों ने मिलकर काफी मशक्कत के बाद घायल नर हिरण को पानी से बाहर निकाला। हिरण के शरीर पर चोट के निशान पाए गए। रेस्क्यू के बाद हिरण को उपचार के लिए वन विभाग की निगरानी में भेजा गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। वन दरोगा अनीश पांडेय ने प्रारंभिक जांच के आधार पर बताया कि आवारा कुत्तों के झुंड ने हिरण पर हमला किया था, जिससे वह घायल हो गया। जान बचाने के प्रयास में हिरण भागते हुए परासी नाले में जा फंसा था। इस रेस्क्यू अभियान में वन रक्षक सुधीर कुमार, बलराम चौहान, विजय नाथ सहित वन विभाग के अन्य कर्मचारी शामिल थे। ग्रामीणों में रामजीत, बुधाई, राजेश कुमार, हेरावन, सालिक, नियाज उर्फ बुद्धू और पुजारी ने भी सक्रिय सहयोग दिया। ग्रामीणों ने वन विभाग की तत्परता की सराहना की और घायल वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए ऐसे प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया। वन विभाग ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी घायल या संकटग्रस्त वन्यजीव की सूचना तत्काल विभाग को दें, ताकि समय पर बचाव और उपचार सुनिश्चित किया जा सके।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments