#बस्ती_न्यूज
बस्ती के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम रखिया के चांदपुर घाट पर सरयू नदी में डूबकर जान गंवाने वाले दो युवकों की मौत को लेकर नया खुलासा सामने आया है। गांव में चर्चा है कि घटना के समय उनके साथ थोड़ी दूरी पर मौजूद युवक यदि हिम्मत दिखाते या तत्काल आसपास मौजूद लोगों को सूचना देते तो संभवतः दोनों की जान बचाई जा सकती थी। लेकिन दोनों को डूबता देख उनके साथी घबराकर मौके से भाग गए, जिससे बचाव कार्य शुरू होने में देरी हो गई। गौरतलब है कि सोमवार को गांव निवासी सूरज चौधरी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग चांदपुर घाट पहुंचे थे। इसी दौरान गांव के मनोज कन्नौजिया (25) और वीरेंद्र चौधरी (20) पांच अन्य युवकों के साथ सरयू नदी में स्नान कर रहे थे। नहाते समय दोनों युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के अनुसार, दोनों युवकों को संकट में देख उनके साथ मौजूद अन्य युवक घबरा गए और बिना किसी को सूचना दिए वहां से चले गए। काफी देर बाद जब घटना की जानकारी लोगों को हुई तो खोजबीन शुरू की गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और गोताखोरों ने देर रात तक चले अभियान के बाद दोनों शवों को नदी से बाहर निकाला। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि नदी में स्नान के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन जरूरी है, वहीं किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल मदद के लिए आवाज उठानी चाहिए। लोगों का मानना है कि समय पर सूचना मिलती तो शायद यह हादसा दो परिवारों की खुशियां न छीनता।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
सरयू में डूबे युवकों की मौत पर बड़ा खुलासा:साथियों के भागने से नहीं मिल सकी समय पर मदद
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












