कौशाम्बी। जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल की अध्यक्षता में मंगलवार को उदयन सभागार में जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में परिषदीय विद्यालयों की व्यवस्थाओं, जर्जर भवनों के ध्वस्तीकरण, विद्यालयों में नामांकन तथा अन्य शैक्षिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जर्जर परिषदीय विद्यालयों एवं भवनों के ध्वस्तीकरण तथा नीलामी की प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला समन्वयक (सिविल) को निर्देश दिया कि सभी लंबित नीलामी संबंधी कार्यवाही जून माह के भीतर हर हाल में पूर्ण कराई जाए।उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि सफाई कर्मियों के माध्यम से विद्यालयों और उनके परिसरों में नियमित एवं बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि छात्रों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध हो सके।विद्यालयों में छात्र नामांकन की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं सभी खंड शिक्षा अधिकारियों से कहा कि विद्यालय खुलने के बाद स्कूल चलो अभियान का प्रभावी ढंग से संचालन किया जाए। उन्होंने अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित कराने पर विशेष जोर दिया।बैठक में जिलाधिकारी ने विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइनों के संबंध में भी निर्देश दिए। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को अधीक्षण अभियंता विद्युत से समन्वय स्थापित कर हाईटेंशन तारों को स्थानांतरित कराने की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने को कहा।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी सहित शिक्षा विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जर्जर परिषदीय विद्यालयों की नीलामी जून तक पूरी करने के निर्देश
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












