लखनऊ। गुरुवार दिल्ली के मालवीय नगर में हुए भीषण अग्निकांड के बाद फायर विभाग सतर्क हो गया है। डीजी फायर सुजीत पांडेय ने गोमतीनगर स्थित होटल क्लासिको पहुंचकर फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीजी फायर ने होटल में मौजूद अग्निशमन उपकरणों, फायर अलार्म सिस्टम, इमरजेंसी एग्जिट, फायर फाइटिंग सिस्टम और अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए।
डीजी फायर सुजीत पांडेय ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले से ही आगजनी की घटनाओं को लेकर अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दे चुके हैं। उनके निर्देशों के अनुसार प्रदेशभर में नियमित फायर ड्रिल और सुरक्षा ऑडिट कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में हुई घटना के बाद मुख्यमंत्री ने उच्चस्तरीय बैठक कर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं।
इसके तहत सभी हाईराइज इमारतों, अस्पतालों, होटलों, मॉल और अन्य सार्वजनिक प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं की जांच और गहन परीक्षण कराया जाएगा। फायर विभाग के अनुसार प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाकर सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में जनहानि को रोका जा सके। मुख्यमंत्री के निर्देश पर संबंधित विभागों को सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न करने की चेतावनी भी दी गई है।












