बहराइच के चरदा क्षेत्र के जमोग बाजार में पिछले पांच दिनों से खराब पड़ा विद्युत ट्रांसफार्मर हजारों लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप होने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। बार-बार शिकायत के बावजूद ट्रांसफार्मर नहीं बदले जाने से ग्रामीणों में विद्युत विभाग के खिलाफ नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों ने जल्द बिजली बहाल न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। गर्मी ने बढ़ाई मुश्किल, पंखे-कूलर बने शोपीस बिजली आपूर्ति बंद होने से घरों में पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण बेकार पड़े हैं। दिनभर उमस और रातभर गर्मी के कारण लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। रातभर मच्छरों का आतंक, बीमारी का डर ग्रामीणों का कहना है कि बिजली न होने से रात के समय मच्छरों का प्रकोप काफी बढ़ गया है। इससे लोगों की नींद हराम हो गई है। स्थानीय लोगों ने डेंगू और अन्य मच्छरजनित बीमारियों के फैलने की आशंका भी जताई है और जल्द बिजली बहाल करने की मांग की है। कई बार शिकायत, फिर भी नहीं बदला ट्रांसफार्मर ग्रामीणों के अनुसार, ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना कई बार संबंधित अधिकारियों को दी जा चुकी है। इसके बावजूद पांच दिन बीत जाने पर भी न तो ट्रांसफार्मर बदला गया और न ही वैकल्पिक व्यवस्था की गई। इससे लोगों में विभाग के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी हनुमान सोनी, रामू, सुड्डू, राजवीर, दिनेश कुमार, नासिर, हनीफ और पंकज सहित कई ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से तत्काल नया ट्रांसफार्मर लगाने और बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। जेई से संपर्क नहीं हो सका इस मामले में विद्युत विभाग के अवर अभियंता (जेई) शंभू दयाल से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। ऐसे में ट्रांसफार्मर बदलने और बिजली बहाल होने को लेकर अभी तक विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
बहराइच में 5 दिन से अंधेरे में हजारों लोग:ट्रांसफार्मर फुंका तो थम गई जिंदगी; अब आंदोलन की चेतावनी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












