Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)26 लाख की नाली ने निगली गांव की मुख्य सड़क:सिद्धार्थनगर में ग्रामीणों...

26 लाख की नाली ने निगली गांव की मुख्य सड़क:सिद्धार्थनगर में ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, सीएम को भेजा पत्र


सिद्धार्थनगर के विकास खंड खुनियांव स्थित ग्राम पंचायत मिश्रोलिया खालसा में भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां जिला पंचायत द्वारा 15वें वित्त आयोग (वर्ष 2024-25) के तहत बलेवा मिश्रोलिया मार्ग से आरिफ के घर तक लगभग 26 लाख रुपये की लागत से एक नाली का निर्माण कराया गया था। ठेकेदार और कार्यदायी संस्था की लापरवाही के कारण यह नवनिर्मित नाली बनने के तुरंत बाद ही दो फीट नीचे धंस गई है। इससे नाली पानी निकासी में अनुपयोगी साबित हो रही है। नाली निर्माण के दौरान गांव की मुख्य खड़ंजा सड़क को भी पूरी तरह से उखाड़ दिया गया, जिससे वह अब मलबे में बदल गई है। इस मार्ग का उपयोग गांव की लगभग 90 प्रतिशत आबादी करती है। सड़क टूटने के कारण बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों का पैदल चलना मुश्किल हो गया है। इसी रास्ते पर गांव का कब्रिस्तान भी है, जिससे अब जनाजा ले जाने में भी कठिनाई आ रही है। ग्रामीणों को आशंका है कि आगामी बारिश में स्थिति और भी खराब हो जाएगी। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई न होने पर ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रार्थना पत्र भेजकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। ग्रामीणों की प्रमुख मांगें हैं कि भ्रष्टाचार और धन गबन की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। साथ ही, दोषी ठेकेदार और अधिकारियों के खिलाफ तत्काल कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने उखड़े हुए मार्ग पर अविलंब सीसी रोड के निर्माण की भी मांग की है। इस दौरान मौके पर मो. शमीम मनिहार, जाबिर चौधरी, मो. मुस्तकीम, मुस्तफा, आजम, साबिर, जाहिद और फिरोज सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments