परिषदीय विद्यालयों में बच्चों के मूल्यांकन की व्यवस्था में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। नई शिक्षा नीति के तहत, शैक्षिक सत्र 2026-27 से विद्यार्थियों का आकलन केवल परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर नहीं होगा। इसके बजाय, उनकी सीखने की क्षमता, व्यवहार, रचनात्मकता, सहभागिता, नेतृत्व क्षमता और समग्र व्यक्तित्व विकास को ध्यान में रखा जाएगा। बेसिक शिक्षा विभाग ने इसके लिए नया समग्र रिपोर्ट कार्ड लागू करने की तैयारी पूरी कर ली है। जुलाई माह में जिले के 2267 परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत लगभग तीन लाख विद्यार्थियों को यह नया रिपोर्ट कार्ड पहली बार वितरित किया जाएगा। नई व्यवस्था के तहत, रिपोर्ट कार्ड में केवल परीक्षा परिणाम ही नहीं, बल्कि बच्चे की सीखने की गति, कक्षा में सहभागिता, व्यवहारिक कौशल, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में प्रदर्शन और पूरे शैक्षणिक वर्ष के दौरान उसकी प्रगति का विस्तृत विवरण दर्ज होगा। इस रिपोर्ट कार्ड में अभिभावकों की राय और विद्यार्थियों का स्वयं का फीडबैक भी शामिल किया जाएगा, जिससे बच्चे की शैक्षिक यात्रा का व्यापक और वास्तविक मूल्यांकन संभव हो सकेगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन और असीम संभावनाएं दिखाई दी बेसिक शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता को तीन स्तरों में विभाजित किया है। ‘स्काई’ (तीन स्टार) श्रेणी में उन विद्यार्थियों को रखा जाएगा जिनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन और असीम संभावनाएं दिखाई देंगी। ‘माउंटेन’ (दो स्टार) श्रेणी उन बच्चों के लिए होगी जिन्होंने सीखने की प्रक्रिया में मजबूत पकड़ बना ली है और लगातार प्रगति कर रहे हैं। वहीं, ‘स्ट्रीम’ (एक स्टार) श्रेणी में ऐसे विद्यार्थी शामिल होंगे जिन्होंने बुनियादी समझ विकसित कर ली है, लेकिन उन्हें आगे बढ़ने के लिए अतिरिक्त मार्गदर्शन और अभ्यास की आवश्यकता होगी। नई मूल्यांकन प्रणाली में रिपोर्ट कार्ड पर सीधे अंक प्रदर्शित नहीं किए जाएंगे। विद्यार्थियों को प्राप्त अंकों के आधार पर ग्रेड दिए जाएंगे। 91 से 100 प्रतिशत अंक पाने वाले विद्यार्थियों को ए-1, 81 से 90 प्रतिशत तक ए-2, 71 से 80 प्रतिशत तक बी-1, 61 से 70 प्रतिशत तक बी-2, 51 से 60 प्रतिशत तक सी-1, 41 से 50 प्रतिशत तक सी-2, 33 से 40 प्रतिशत तक डी-1 तथा 32 प्रतिशत या उससे कम अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को डी-2 ग्रेड प्रदान किया जाएगा।
जुलाई से 3 लाख छात्रों को मिलेगा नया रिपोर्ट कार्ड:अंकों के बजाय समग्र विकास पर होगा मूल्यांकन
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












