लखनऊ। सोमवार सैरपुर पुलिस और डीसीपी उत्तरी की क्राइम टीम ने मोबाइल चोरी कर बैंक खातों से रुपए निकालने वाले एक शातिर साइबर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 15 मोबाइल फोन, 7 सिम कार्ड, 2 एटीएम कार्ड, 22,260 रुपये नकद, चार्जर, मल्टी चार्जिंग केबल और घटना में यूज हुई हुंडई वर्ना कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, सैरपुर क्षेत्र निवासी सरोज कुमार ने 7 जून को मोबाइल चोरी होने और खाते से रुपए निकलने की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित के एसबीआई खाते से 1.36 लाख रुपये तथा पीएनबी खाते से 54 हजार रुपए निकाल लिए गए थे। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर किसान पथ क्षेत्र में घेराबंदी की। यहां एक हुंडई वर्ना कार में सवार पांच संदिग्धों को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी के मोबाइल, सिम कार्ड, एटीएम कार्ड और नकदी बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बाजारों, बस स्टैंडों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लोगों के मोबाइल चोरी करते थे। मोबाइल हाथ लगने के बाद उसमें मौजूद बैंकिंग एप और सिम कार्ड का इस्तेमाल कर नई यूपीआई आईडी बनाते थे। इसके जरिए खाताधारकों की जानकारी के बिना उनके बैंक खातों से रुपए ट्रांसफर कर लेते थे।
गिरफ्तार आरोपी औरैया, शाहजहांपुर, हाथरस और हरदोई जिलों के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस इनके आपराधिक इतिहास और अन्य मामलों में संलिप्तता की जांच कर रही है। उनके पास से 15 मोबाइल फोन 7 सिम कार्ड 2 एटीएम कार्ड 22,260 रुपये नकद चार्जर व मल्टी चार्जिंग केबल हुंडई वर्ना कार (सीज) बरामद की गई है।












