मिडिल ईस्ट में गहराते युद्ध के बाद वैश्विक ऊर्जा संकट ने पूरी दुनिया की दहलीज पर दस्तक दे दी है। इस बीच ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने बुधवार को देश को संबोधित करते हुए एक बड़ा बयान दिया है। स्टार्मर ने साफ तौर पर कहा कि खाड़ी क्षेत्र में जारी यह संघर्ष उनका युद्ध नहीं है और ब्रिटेन किसी भी सूरत में इस सैन्य टकराव का हिस्सा नहीं बनेगा। उन्होंने कहा कि भले ही इस युद्ध के आर्थिक प्रभाव ब्रिटेन पर असर डालें लेकिन उनकी सरकार के पास देश को सुरक्षित बाहर निकालने की ठोस योजना है।
ब्रिटिश प्रधानमंत्री का यह बयान ऐसे समय में आया है जब दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल मार्ग होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने से पेट्रोल-डीजल और जेट फ्यूल की किल्लत पैदा हो रही है कर दी है। कीर स्टार्मर ने कहा कि उनकी प्राथमिकता तनाव को कम करना और इस समुद्री रास्ते को कूटनीतिक तरीके से दोबारा खुलवाना है।
यह भी पढ़ें: क्या जख्मी हैं मोजतबा खामेनेई, कहां चल रहा इलाज? रूस ने बता दिया
समुद्री सुरक्षा के लिए 35 देशों का साथ
ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने बताया कि UK ने 35 देशों को एकजुट कर खाड़ी क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा मजबूत करने की पहल की है। इस पहल के तहत एक संयुक्त रणनीति बनाई जा रही है, जिससे जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि जल्द ही इन देशों की बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें सैन्य विशेषज्ञ भी शामिल होंगे और सुरक्षा के उपायों पर विस्तार से चर्चा होगी।
कीर स्टार्मर ने माना कि इस संकट का असर सीधे आम लोगों पर पड़ रहा है। ऊर्जा की बढ़ती कीमतों और ईंधन की कमी को लेकर लोग चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी है कि वह लोगों की इन चिंताओं को समझे और समाधान निकाले। उनके अनुसार, यह सिर्फ अंतरराष्ट्रीय मुद्दा नहीं बल्कि घरेलू अर्थव्यवस्था से भी जुड़ा हुआ संकट है।
यह भी पढ़ें: तो क्या नाटो से बाहर हो जाएगा अमेरिका? ट्रंप ने बोल दिया ‘पेपर टाइगर’
ट्रंप का बयान भी चर्चा में
इस बीच, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बयान भी सुर्खियों में है। ट्रंप ने उन देशों पर निशाना साधा है जो जेट फ्यूल की कमी से जूझ रहे हैं। उन्होंने सलाह दी कि ऐसे देश अमेरिका से तेल खरीदें और जरूरत पड़ने पर खुद अपने हितों की रक्षा करें। दरअसल, ईरान से जुड़े मौजूदा तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य के प्रभावित होने से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर बड़ा असर पड़ा है। यह समुद्री रास्ता दुनिया के तेल व्यापार के लिए बेहद अहम माना जाता है। ऐसे में अगर हालात जल्द नहीं सुधरे, तो इसका असर वैश्विक अर्थव्यवस्था पर और गहरा हो सकता है।











