बहराइच-सीतापुर हाईवे पर शुक्रवार दोपहर एक सड़क हादसे में दो बाइक सवारों की मौत हो गई। हरदी थाना क्षेत्र के रमवापुर खुर्द गांव के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल दोनों व्यक्तियों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना चहलारी घाट के पास हुई। एक स्कॉर्पियो गाड़ी (संख्या UP 32 NT 6789) चहलारी घाट की ओर जा रही थी। इसी दौरान, चहलारी घाट से भगवानपुर की ओर आ रही एक मोटरसाइकिल (संख्या UP 34 BA 2561) से रमवापुर खुर्द गांव के निकट उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर सवार दोनों व्यक्ति सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। एम्बुलेंस की मदद से दोनों घायलों को तुरंत रामपुरवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। हालांकि, उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान मंगरु (35 वर्ष) पुत्र जोखू और नारायन (50 वर्ष) पुत्र बाढू के रूप में हुई है। दोनों सीतापुर जिले के थाना थानगांव के अंतर्गत रंडा कोड़र के खरपत्तू पुरवा गांव के निवासी थे। हरदी थाना प्रभारी आलोक सिंह ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद हाईवे पर बाधित हुए यातायात को पुलिस ने बहाल कर दिया है।
स्कॉर्पियो-बाइक की आमने-सामने टक्कर में 2 की मौत:बहराइच-सीतापुर हाईवे पर हादसा, दो घरों के बुझ गए चिराग
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












