#बस्ती_न्यूज
बस्ती, 12 जून। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में गुरुवार को राज्य कर कार्यालय सभागार में प्रबुद्ध जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान” जन-जागरूकता अभियान का हिस्सा था। इसमें व्यापारी वर्ग और प्रबुद्धजनों के साथ संवाद स्थापित कर सरकार की उपलब्धियों और कर सुधारों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त राज्य कर उपेंद्र यादव ने मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। स्वागत संबोधन में उपायुक्त उपेंद्र यादव ने बताया कि देश कर सुधारों के माध्यम से राजस्व संग्रह बढ़ाकर सुशासन एवं सामाजिक विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि कर प्रणाली को सरल और सुगम बनाने से व्यापारियों तथा आमजन का शासन व्यवस्था पर विश्वास मजबूत हुआ है। उपायुक्त यादव ने जीएसटी की विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने पंजीयन, व्यापारी दुर्घटना बीमा, रिटर्न व्यवस्था और GST 2.0 के अंतर्गत किए गए सुधारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने यह भी कहा कि पारदर्शी कर प्रणाली के कारण व्यापार करना पहले की अपेक्षा अधिक सरल और सुविधाजनक हुआ है। मुख्य अतिथि विवेकानंद मिश्र ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने सेवा, सुशासन और विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने डिजिटल इंडिया, विकसित भारत, आधुनिक आधारभूत संरचना, एक्सप्रेस-वे निर्माण, पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक विरासतों के संरक्षण जैसी योजनाओं का उल्लेख किया, जिनका लाभ बिना किसी भेदभाव के समाज के सभी वर्गों तक पहुंचा है। मिश्र ने कहा, “जब लोकतंत्र जनविश्वास और पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ता है, तब विकास इतिहास बन जाता है।” कार्यक्रम का संचालन उपायुक्त उपेंद्र यादव ने किया। संवाद कार्यक्रम में जगदीश अग्रहरी, सुभाष शुक्ल, सुनील गुप्ता, सूर्य कुमार शुक्ल, शीतला पटेल, विश्वनाथ सोनी, आशुतोष राय, अधिवक्ता मनमोहन श्रीवास्तव, शशांक सोनी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे, बस्ती में प्रबुद्ध जन-संवाद:बीजेपी जिलाध्यक्ष बोले- कर सुधारों से बढ़ा जनता का विश्वास, व्यापार आसान
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












