उतरौला, (बलरामपुर)। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफलतम 12 वर्ष पूर्ण होने पर उतरौला विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चलाया गया। बुधवार को उतरौला ग्रामीण मंडल की विभिन्न ग्राम पंचायतों में जाकर भाजपा नेताओं ने प्रबुद्ध जनों से संवाद कर मोदी सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियों और जनकल्याणकारी नीतियों से अवगत कराया।
गांव-गांव पहुंचकर जाना हालचाल
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष देवानंद गुप्ता और मंडल अध्यक्ष मेलाराम वर्मा के साथ जनप्रतिनिधियों ने घर-घर जाकर लोगों से भेंट की।
ग्राम पंचायत बेथुइया के निवासी राम निवास वर्मा से स्नेहिल भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना गया। ग्राम पंचायत बेथुइया के ही निवासी बाबूलाल पासवान से भेंट कर उनका हालचाल लिया गया। ग्राम पंचायत रेहरा माफी के प्रधान कर्ताराम यादव से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं पर चर्चा की गई। ग्राम पंचायत इमिलिया बनघुसरा के निवासी जमुना प्रसाद से भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना गया।
12 साल की उपलब्धियां साझा कीं
नेताओं ने ग्रामीणों को केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि पिछले 12 वर्षों में राष्ट्रसेवा, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। गरीब कल्याण, किसान सम्मान निधि, आवास योजना, शौचालय निर्माण, उज्ज्वला योजना और डिजिटल क्रांति जैसी योजनाओं से गांव-गांव तक बदलाव आया है। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने भी सरकार की योजनाओं से मिले लाभ साझा किए और राष्ट्र निर्माण में सहयोग का संकल्प लिया।












