Homeजिला / लोकल (Local News)विश्व प्रसिद्ध निशानेबाज जसपाल राणा के निधन से खेल जगत में छाया...

विश्व प्रसिद्ध निशानेबाज जसपाल राणा के निधन से खेल जगत में छाया शोक


नई दिल्ली। भारत के दिग्गज निशानेबाजी कोच और पूर्व स्टार शूटर जसपाल राणा का गुरुवार देर रात नई दिल्ली के साकेत स्थित एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 49 वर्ष के थे। उनके निधन से भारतीय खेल जगत, विशेषकर निशानेबाजी समुदाय में शोक की लहर है। जानकारी के अनुसार, हाल ही में जर्मनी के म्यूनिख में आयोजित आईएसएसएफ विश्व कप से भारतीय दल के साथ लौटते समय उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद उनका हृदय संबंधी उपचार हुआ था, जिसमें स्टेंट डाला गया था। निधन के समय वह भारत की पिस्टल निशानेबाजी टीम के उच्च प्रदर्शन कोच के रूप में कार्यरत थे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उनके निधन को भारतीय खेल जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि जसपाल राणा ने अपनी असाधारण उपलब्धियों से देश का गौरव बढ़ाया और एक समर्पित कोच के रूप में अनेक युवा खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि खेल के प्रति उनका अनुशासन, समर्पण और सेवा हमेशा याद रखी जाएगी।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि जसपाल राणा केवल विश्वस्तरीय शूटर ही नहीं, बल्कि सरल, विनम्र और प्रेरणादायी व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने भारत में शूटिंग को लोकप्रिय बनाने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
नेशनल राइफल एसोसिएशन आॅफ इंडिया (एनआरएआई) के अध्यक्ष कलिकेश नारायण सिंह देव ने भी उनके निधन को खेल जगत की बड़ी क्षति बताया। 49 वर्षीय जसपाल राणा ने एशियाई खेलों और विश्व स्तर की प्रतियोगिताओं में भारत को कई पदक दिलाए। उन्होंने दो बार की ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर सहित कई शीर्ष निशानेबाजों को प्रशिक्षित किया। उनके निधन से भारतीय खेल जगत ने एक महान खिलाड़ी और उत्कृष्ट गुरु को खो दिया है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments