HomeHealth & Fitnessई-रिक्शा रिमोट से बंद होने की शिकायतों के बाद : केंद्र की...

ई-रिक्शा रिमोट से बंद होने की शिकायतों के बाद : केंद्र की बड़ी कार्रवाई

नई दिल्ली: ई-रिक्शा को मोबाइल ऐप के जरिए दूर से बंद किए जाने की शिकायतों के बाद केंद्र सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सचिव एस. कृष्णन ने शुक्रवार को बताया कि BAT-BMS से जुड़े दो मोबाइल ऐप को ऐप स्टोर से हटा दिया गया है। यह कदम सोशल मीडिया पर वायरल हुए उन वीडियो के बाद उठाया गया, जिनमें दावा किया गया था कि कुछ ई-रिक्शा को मोबाइल ऐप के जरिए बीच सड़क में ही बंद किया जा सकता है।

सरकार ने क्या कहा?

भारतीय उद्योग परिसंघ (Confederation of Indian Industry- CII) के साइबर सुरक्षा सम्मेलन के दौरान एस. कृष्णन ने कहा कि ये दोनों ऐप गुरुवार को सरकार के संज्ञान में आए थे, जिसके बाद इन्हें ऐप स्टोर से हटाने की कार्रवाई की गई। उन्होंने यह भी कहा कि ऐप स्टोर संचालित करने वाली कंपनियों को किसी भी ऐप को उपलब्ध कराने से पहले उसकी सुरक्षा और विश्वसनीयता की बेहतर जांच करनी चाहिए। सरकार इस मुद्दे पर ऐप स्टोर से भी बात करेगी, ताकि भविष्य में ऐसे संभावित जोखिम वाले ऐप आसानी से उपलब्ध न हो सकें।

क्या है BAT-BMS ऐप और विवाद क्यों हुआ?

BAT-BMS चीन के कंपनी शेन्ज़ेन ग्रेनर्जी टेक्नोलॉजी द्वारा विकसित एक बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम ऐप है। इसका मूल उद्देश्य ब्लूटूथ के जरिए लिथियम बैटरी की स्थिति, जैसे वोल्टेज और तापमान की निगरानी करना है। हालांकि, हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर कई वीडियो सामने आए, जिनमें दावा किया गया कि इसी ऐप के जरिए कुछ ई-रिक्शा की बैटरी का डिस्चार्ज फंक्शन (Discharge Function) बंद कर वाहन को रोक दिया गया। कई ड्राइवरों ने आरोप लगाया कि उनका ई-रिक्शा अचानक बंद हो गया और उसे दोबारा चालू कराने के लिए उन्हें दूसरों की मदद लेनी पड़ी।

सुरक्षा में कमी बनी चिंता की वजह

प्रारंभिक जांच में अधिकारियों ने पाया कि भारत में इस्तेमाल होने वाले कई कम कीमत वाले ई-रिक्शा में चीन में बने बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (BMS) लगे हैं, जिनमें पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं है। कई सिस्टम में पासवर्ड या अन्य प्रमाणीककी सुविधा नहीं होने के कारण आसपास मौजूद कोई भी व्यक्ति ब्लूटूथ के जरिए बैटरी से जुड़ सकता है और उसके कुछ कंट्रोल का इस्तेमाल कर सकता है। यही वजह है कि इस मामले ने साइबर सुरक्षा और जुड़े हुए वाहनों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

दिल्ली सरकार ने भी शुरू की जांच

मामले को गंभीरता से लेते हुए दिल्ली सरकार ने भी अपने परिवहन विभाग को BAT-BMS ऐप की जांच करने और सोशल मीडिया पर सामने आए दावों की सत्यता की पड़ताल करने के निर्देश दिए हैं। परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने कहा कि अभी तक इस मामले में कोई औपचारिक लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन सामने आई शिकायतों और वायरल वीडियो को देखते हुए अधिकारियों को जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments