रुधौली थाने में चला विशेष स्वच्छता अभियान, पुलिसकर्मियों ने किया श्रमदान
रिपोर्ट – सुशील शर्मा (जिला ब्यूरो चीफ, बस्ती)
बस्ती। “स्वच्छता ही सेवा” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और स्वच्छ वातावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को थाना रुधौली परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्रमदान कर थाना परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने का संदेश दिया।





पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कांत के कुशल निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी रुधौली कुलदीप सिंह यादव के निकट पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार दुबे के नेतृत्व में यह अभियान आयोजित किया गया।
अभियान के दौरान थाना परिसर के मुख्य भवन, कार्यालय, मालखाना, बैरक, आवासीय परिसर तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई की गई। साथ ही फरियादियों एवं आगंतुकों के बैठने के लिए बने प्रतीक्षालय को भी साफ-सुथरा एवं व्यवस्थित किया गया। पुलिसकर्मियों ने परिसर में जमा कूड़ा-कचरा हटाकर स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार दुबे ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि एक सतत प्रक्रिया है। स्वच्छ वातावरण से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और कार्यक्षमता में वृद्धि होती है। उन्होंने कहा कि थाना परिसर में आने वाले फरियादियों को स्वच्छ एवं बेहतर माहौल उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है।
उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखने और आमजन को भी अपने आसपास साफ-सफाई रखने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
रुधौली पुलिस की इस पहल को स्थानीय लोगों ने सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसे अभियान समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।












