#बस्ती_न्यूज
बस्ती के वाल्टरगंज थाना क्षेत्र में बाबूलाल चौधरी हत्याकांड का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, पैतृक जमीन और पांच लाख रुपये के लालच में मृतक के सगे भाई और भतीजे ने मिलकर उनकी हत्या की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल की गई ईंट और मृतक का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। 19 जून को रतनपुर अर्जुन निवासी शिवकुमार चौधरी ने वाल्टरगंज थाने में अपने भाई बाबूलाल चौधरी की संदिग्ध मौत की सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। स्वाट और सर्विलांस टीम की मदद से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घटना का खुलासा किया। पुलिस जांच में सामने आया कि बाबूलाल चौधरी और शिवकुमार चौधरी सगे भाई थे। हाल ही में दोनों ने एक जमीन बेची थी, जिससे उन्हें 10 लाख रुपये मिले थे। इसमें से पांच लाख रुपये बाबूलाल के हिस्से के थे, जिनकी वह अपने भाई से मांग कर रहे थे। इसके अतिरिक्त, बाबूलाल के नाम कुछ पैतृक जमीन भी थी। चूंकि बाबूलाल की कोई संतान नहीं थी, इसलिए भाई और भतीजे ने उनकी संपत्ति हड़पने के लिए हत्या की साजिश रची। रविवार को थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह के नेतृत्व में वाल्टरगंज पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। रतनपुर मोड़ से आरोपी शिवकुमार चौधरी और उसके बेटे पंकज चौधरी को गिरफ्तार किया गया। उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई ईंट और मृतक का मोबाइल फोन बरामद किया गया। सीओ सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि जांच और पूछताछ में यह स्पष्ट हुआ है कि हत्या के पीछे संपत्ति और पांच लाख रुपये के हिस्से को लेकर विवाद था। मृतक बाबूलाल चौधरी की कोई संतान या वारिस नहीं था, जिसका फायदा उठाकर आरोपी उसकी जमीन और धनराशि पर कब्जा करना चाहते थे। पुलिस टीम ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर 48 घंटे के भीतर इस घटना का सफलतापूर्वक खुलासा कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती पुलिस ने 48 घंटे में किया खुलासा:पांच लाख रुपए और पैतृक जमीन के लालच में भाई-भतीजे ने की हत्या
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












