Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)भारत-नेपाल सीमा पर 5.270 किलो चरस जब्त, तस्कर गिरफ्तार:SSB-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई,...

भारत-नेपाल सीमा पर 5.270 किलो चरस जब्त, तस्कर गिरफ्तार:SSB-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, नेपाल से चरस लेकर आ रहा था


श्रावस्ती में भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से 5.270 किलोग्राम चरस बरामद हुई है। यह कार्रवाई मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। दरअसल 62वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, भिनगा के कमांडेंट अमरेन्द्र कुमार वरुण के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। आसूचना शाखा को विश्वसनीय जानकारी मिली थी कि नेपाल से भारत की ओर एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से मादक पदार्थ की तस्करी करने वाला है। इस सूचना के आधार पर, “ई” समवाय गुज्जरगुरी के सशस्त्र सीमा बल के जवान और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त पेट्रोलिंग पार्टी ने थाना सिरसिया क्षेत्र के गजरीनाला के पास गहन जांच अभियान चलाया। भारतीय सीमा क्षेत्र के भीतर लगभग 1.5 किलोमीटर अंदर एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोका गया। तलाशी लेने पर, उसके पास से 5.270 किलोग्राम चरस बरामद हुई। इसके साथ ही एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। तस्कर को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया। बरामद चरस, जब्त मोटरसाइकिल और गिरफ्तार अभियुक्त को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए श्रावस्ती के थाना सिरसिया को सौंपने की प्रक्रिया जारी है। एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि 62वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध गतिविधियों और सीमा अपराधों की रोकथाम के लिए पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments