लखनऊ। हजरतगंज स्थित सिविल अस्पताल में रविवार रात को एक युवक ने जमकर हंगामा किया। युवक ने अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ की, जिससे वह खुद भी घायल हो गया। हाथ में शीशे का टुकड़ा लेकर उसने अपना गला काटने की धमकी दी और आसपास मौजूद लोगों की ओर भी शीशा तानने दौड़ पड़ा।
हंगामे के दौरान युवक ने डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ के साथ अभद्रता की। अचानक हुए घटनाक्रम से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची हजरतगंज पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद युवक को काबू में लिया और उसे अपने साथ थाने ले गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक नशे की हालत में था और लगातार उत्पात मचा रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि युवक की पहचान चौक निवासी मुस्ताक के रूप में हुई है। युवक की मानसिक हालत ठीक नहीं है। चोट लगने पर खुद इलाज के पहुंचा था तभी किसी बात पर वार्ड से कहासुनी हो गई। इसके बाद हंगामा कर दिया।












