HomeHealth & Fitnessएक साल से फरार गैर इरादतन हत्या का आरोपी गिरफ्तार, महिगवां पुलिस...

एक साल से फरार गैर इरादतन हत्या का आरोपी गिरफ्तार, महिगवां पुलिस को मिली सफलता

लखनऊ। महिगवां थाना पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के एक मामले में पिछले लगभग एक वर्ष से फरार चल रहे वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी मुखबिर की सूचना पर बेहटा पुल के नीचे से की गई।पुलिस के अनुसार, यह मामला 1 अक्टूबर 2025 का है। बराखेमपुर निवासी सुभाष कुमार गौतम ने महिगवां थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोग उनके घर पहुंचे और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उनके पिता मुन्नूलाल पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

 शिकायत में आरोप लगाया गया कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से हमला किया और बीच-बचाव करने आए परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।इस शिकायत के आधार पर महिगवां थाने में मुकदमा संख्या 129/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।जांच के दौरान सूरज (23) पुत्र स्वर्गीय रामजीवन, निवासी ग्राम खंतारी, थाना महिगवां का नाम भी प्रकाश में आया। पुलिस के अनुसार, आरोपी पिछले लगभग एक वर्ष से गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था।

31 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी बेहटा पुल के नीचे एक मोटरसाइकिल पर मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के कारण वह गिरफ्तारी से बचने के लिए छिपकर रह रहा था।पुलिस का कहना है कि आरोपी का अन्य आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular