Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)कप्तानगंज में कोटेदार चयन बैठक में हंगामा:ग्रामीणों ने अधिकारियों पर लगाए आरोप,...

कप्तानगंज में कोटेदार चयन बैठक में हंगामा:ग्रामीणों ने अधिकारियों पर लगाए आरोप, पुलिस ने संभाला मोर्चा

#बस्ती_न्यूज

बस्ती जिले के कप्तानगंज ब्लॉक की ग्राम पंचायत रखिया में कोटेदार (राशन डीलर) चयन को लेकर आयोजित ग्रामसभा की बैठक में भारी हंगामा हुआ। रखिया का कोटा पिछले चार साल से खाली पड़ा है, जिसके कारण वर्तमान में मदनपुर के कोटेदार द्वारा राशन वितरण कराया जा रहा है। इससे पहले भी चार बार कोटेदार चयन को लेकर बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन हर बार मामला उलझता रहा है। बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान सुग्रीव यादव ने की। इसमें कप्तानगंज के खंड विकास अधिकारी चंद्रभान उपाध्याय, ग्राम पंचायत अधिकारी सुशील कुमार और सचिव अरविंद चौधरी सहित अन्य अधिकारी शामिल थे। बैठक में सबसे पहले कोरम पूरा किया गया, जहां कुल मतदाताओं में से 1/5 से अधिक उपस्थिति दर्ज होने के बाद कार्यवाही शुरू हुई। इसी दौरान कोटेदार चयन के लिए उजाला स्वयं सहायता समूह का प्रस्ताव सामने आया, जिसके बाद बैठक में हंगामा शुरू हो गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उन्हें खुली बैठक के लिए बुलाया गया था, जबकि यहां समूह के माध्यम से चयन किया जा रहा है। इसके जवाब में अधिकारियों ने शासनादेश का हवाला देते हुए स्वयं सहायता समूह से ही चयन की बात कही। स्थिति बिगड़ती देख ग्राम प्रधान सुग्रीव यादव ने बैठक स्थगित कर दी। इस बीच, नाराज ग्रामीणों ने कुछ देर के लिए ग्राम पंचायत अधिकारी और ब्लॉक कर्मचारियों को रोक लिया। ग्रामीणों ने सचिव की गाड़ी का टायर भी पंक्चर कर दिया। संभावित विवाद को देखते हुए कप्तानगंज पुलिस सुरक्षा की दृष्टि से पूरी तरह मुस्तैद थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मशक्कत के बाद हालात पर नियंत्रण कर लिया। चार साल से लंबित कोटेदार चयन की प्रक्रिया एक बार फिर अटक गई है। खबर लिखे जाने तक खंड विकास अधिकारी कप्तानगंज ने बताया कि उन्हें अभी रिपोर्ट नहीं मिली है। रिपोर्ट मिलने के बाद विस्तृत जानकारी दी जाएगी। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें सुबह 11 बजे बुलाया गया था, लेकिन अधिकारी देर तक अपने कूलर के पास बैठे रहे, जिससे ग्रामीण तेज गर्मी में परेशान हुए।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments