इटवा थाना क्षेत्र के ग्राम दुफेडिया में मंगलवार दोपहर तालाब में डूबने से 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी ताबिश (17) पुत्र जमाल भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए गांव के पूरब स्थित तालाब में नहाने गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। मौके पर मौजूद बच्चों ने शोर मचाकर ग्रामीणों को सूचना दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किशोर की तलाश शुरू कर दी। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने जाल की मदद से ताबिश का शव तालाब से बाहर निकाला। स्थानीय लोगों के मुताबिक, ताबिश को तैरना नहीं आता था, जिससे वह गहरे पानी से बाहर नहीं निकल सका। घटना की सूचना पर इटवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि मृतक के पिता किसी काम से गोरखपुर गए हुए हैं, जिनके लौटने का इंतजार किया जा रहा है। थानाध्यक्ष संजय मिश्रा ने बताया कि तालाब में डूबने से एक किशोर की मौत हुई है। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है।
इटवा में तालाब में डूबकर किशोर की मौत:दो घंटे बाद मिला शव, गर्मी से राहत पाने के लिए नहाने गया था
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












