Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)बस्ती के नगर बाजार में बिजली संकट गहराया:रातभर परेशान रहे लोग, अधिकारी...

बस्ती के नगर बाजार में बिजली संकट गहराया:रातभर परेशान रहे लोग, अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौन

#बस्ती_न्यूज

बस्ती के आदर्श नगर पंचायत नगर बाजार में बिजली व्यवस्था पूरी तरह बदहाल हो गई है। भीषण गर्मी और उमस के बीच देर रात बिजली आपूर्ति बाधित होने से पूरे इलाके में संकट गहरा गया। जनता इंटर कॉलेज की गली में स्थित ट्रांसफार्मर से एक फेज बंद हो जाने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई। रातभर लोगों को बिना बिजली के गुजारनी पड़ी। कुछ समय के लिए ‘हाफ सप्लाई’ मिली, जिससे अधिकांश घरों में पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण नहीं चल सके। दोपहर तक भी स्थिति सामान्य नहीं हो पाई थी, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है। क्षेत्रवासियों के अनुसार, रातभर छोटे बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और मरीज गर्मी से परेशान रहे। लोग घरों से बाहर निकलकर सड़कों और गलियों में टहलने को मजबूर थे, लेकिन उनकी परेशानी सुनने वाला कोई नहीं था। निवासियों ने शिकायत के लिए बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से संपर्क करने का प्रयास किया। हालांकि, अधिकतर मोबाइल या तो बंद मिले या किसी ने फोन उठाना जरूरी नहीं समझा। लोगों का कहना है कि जब उपभोक्ता हर महीने समय से बिजली का बिल जमा कर रहे हैं, तब उन्हें बदले में इतनी खराब बिजली व्यवस्था क्यों मिल रही है? सवाल यह भी उठ रहा है कि आखिर भीषण गर्मी में जनता को राहत दिलाने की जिम्मेदारी किसकी है? क्षेत्रवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि नगर पंचायत के जनप्रतिनिधि भी इस गंभीर समस्या पर पूरी तरह मौन हैं। जनता का कहना है कि चुनाव के समय हर गली और हर घर तक पहुंचने वाले जनप्रतिनिधि आज बिजली संकट के समय कहीं दिखाई नहीं दे रहे हैं। न कोई मौके पर पहुंचा, न बिजली विभाग के अधिकारियों से जवाब मांगा और न ही लोगों की समस्या के समाधान के लिए कोई पहल की गई। इससे लोगों में जनप्रतिनिधियों के प्रति भी गहरा असंतोष है। इस संबंध में, जेई राजित राम ने बताया कि फीडर को विद्युत प्राप्त होते ही क्षेत्र को विद्युत सप्लाई दी जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि सूचना मिलते ही, फाल्ट को भी सही कराया जाता है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments