लखनऊ। राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर थाना परिसर में रविवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब पुरुष बैरक में तैनात एक आरक्षी का शव फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर बैरक का दरवाजा खुलवाया और आरक्षी को नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, घटना 9 अगस्त 2026 की शाम करीब 5:45 बजे की है। थाना गोमतीनगर की बैरक में रह रहे आरक्षी सतीश खरवार ने प्रभारी निरीक्षक को सूचना दी कि थाना परिसर स्थित पुरुष बैरक के सबसे ऊपरी तल पर दाहिनी ओर की बैरक अंदर से बंद है।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक ने उच्चाधिकारियों को मामले की जानकारी दी और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया के तहत वीडियोग्राफी कराते हुए बैरक का दरवाजा खोला। अंदर प्रवेश करने पर गोमतीनगर थाने में तैनात आरक्षी आकाश यादव पुत्र अनिल यादव पंखे से चादर के फंदे से लटके मिले।
पुलिस टीम ने तत्काल आरक्षी को नीचे उतारा और आवश्यक कार्रवाई के बाद उन्हें लोहिया चिकित्सालय ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद आरक्षी को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस के मुताबिक मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना के कारणों का अभी स्पष्ट रूप से पता नहीं चल सका है।मृतक आरक्षी आकाश यादव मूल रूप से ग्राम खेड़की, पोस्ट बाबरपुर, थाना चांदपुर, जनपद बिजनौर के निवासी थे। घटना की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है। अन्य आवश्यक कार्यवाही प्रचलित है।








