जनपद बहराइच की तहसील कैसरगंज में दशमी मुहर्रम का पर्व अकीदत और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों से निकले ताजिया जुलूस निर्धारित मार्गों से होते हुए कर्बला स्थलों तक पहुंचे, जहां धार्मिक परंपराओं के अनुसार ताजियाओं को सुपुर्द-ए-खाक किया गया। यह कार्यक्रम प्रशासन की कड़ी निगरानी में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।पूरे दिन क्षेत्र में ह.जारों की संख्या में अकीदतमंद मौजूद रहे। मुहर्रम के अवसर पर मातमी जुलूस, नौहा-ख्वानी और अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। अकीदतमंदों ने ‘या अली या हुसैन’ की सदाएं बुलंद कीं, जिससे माहौल गमगीन रहा। दशमी मुहर्रम को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय रहा। उपजिलाधिकारी कैसरगंज अखिलेश कुमार सिंह और पुलिस क्षेत्राधिकारी कैसरगंज डी.के. श्रीवास्तव लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहे। उन्होंने सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था की निगरानी की।अधिकारियों ने संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों और पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कैसरगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न गांवों और कस्बों में ताजिया जुलूस शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए। प्रशासन द्वारा पहले से निर्धारित रूट व्यवस्था का पालन कराया गया। प्रमुख चौराहों, बाजारों और कर्बला स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस टीमों द्वारा लगातार गश्त कर क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखने का कार्य किया गया।मुहर्रम के अवसर पर हिंदू-मुस्लिम एकता और आपसी भाईचारे की मिसाल देखने को मिली। विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों ने जुलूस में शामिल अकीदतमंदों का स्वागत किया और प्रशासन के साथ मिलकर व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया। क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों, धर्मगुरुओं और ताजियादारों ने भी प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पूरे आयोजन के दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना, विवाद अथवा कानून व्यवस्था संबंधी समस्या की सूचना प्राप्त नहीं हुई।
कैसरगंज में दशमी मुहर्रम पर ताजिया दफन:प्रशासन की कड़ी निगरानी में अकीदतमंदों ने कर्बला में किए सुपुर्द-ए-खाक
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












