HomeHealth & Fitnessप्रशिक्षण विमान के प्रोपेलर से प्रशिक्षु पायलट के घायल होने की जांच...

प्रशिक्षण विमान के प्रोपेलर से प्रशिक्षु पायलट के घायल होने की जांच शुरू

नई दिल्ली। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने कानपुर के चकेरी हवाई अड्डे पर प्रशिक्षण उड़ान के दौरान हुई दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। मामले में संबंधित फ्लाइट इंस्ट्रक्टर को जांच पूरी होने तक उड़ान प्रशिक्षण दायित्वों से हटा दिया गया है, जबकि घटना में शामिल विमान के संचालन पर रोक लगा दी गई है।

डीजीसीए ने रविवार को बताया कि 26 जून को गर्ग एविएशन के फ्लाइंग ट्रेनिंग ऑर्गनाइजेशन (एफटीओ) का ट्विन इंजन टेक्नम पी2006टी विमान (वीटी-एनबीवी) चकेरी हवाई अड्डे पर रात्रिकालीन प्रशिक्षण उड़ान में लगा हुआ था। विमान में एक फ्लाइट इंस्ट्रक्टर और एक कैडेट पायलट सवार थे। विमान के उतरने के बाद प्रशिक्षु पायलट इंजन चालू रहने के दौरान विमान से उतर गई। इस दौरान वह विमान के प्रोपेलर की चपेट में आ गई, जिससे उसकी पीठ में चोटें आईं। घायल कैडेट को कानपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।

डीजीसीए ने कहा कि घटना की परिस्थितियों, सुरक्षा प्रक्रियाओं के अनुपालन और संबंधित जिम्मेदारियों की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच पूरी होने तक संबंधित फ्लाइट इंस्ट्रक्टर को प्रशिक्षण उड़ानों से अलग कर दिया गया है।

डीजीसीए ने निर्देश दिया कि घटना में शामिल विमान का उपयोग जांच पूरी होने तक नहीं किया जाएगा। डीजीसीए पूरे मामले की जांच कर रहा है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments