HomeHealth & Fitness24 लाख की चोरी का पर्दाफाश, दो शातिर चोर गिरफ्तार

24 लाख की चोरी का पर्दाफाश, दो शातिर चोर गिरफ्तार

लखीमपुर-खीरी,02 जुलाई(तरुणमित्र)। खीरी पुलिस की स्वाट टीम, सर्विलांस टीम और थाना हैदराबाद पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब 24 लाख रुपये की चोरी का सफल खुलासा किया है। पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 125 ग्राम सोने के आभूषण, करीब 1.5 किलो चांदी के जेवर, 64,700 रुपये नकद, चोरी में प्रयुक्त बिना नंबर की बाइक, चोरी के औजार, एक अवैध तमंचा व दो कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी तथा क्षेत्राधिकारी गोला के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार तड़के मुखबिर की सूचना पर कंधरापुर-देवकली मार्ग से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने 21 मई को थाना हैदराबाद क्षेत्र के ग्राम सेमरई में हुई चोरी के साथ ही 5 जून को थाना धौरहरा क्षेत्र के ग्राम कफारा में हुई चोरी की घटना को भी स्वीकार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीराम गौतम उर्फ मन्नी (48) निवासी ग्राम गुरेरिया थाना धौरहरा तथा पवन (20) निवासी ग्राम शुक्लाबाजार करबला थाना धौरहरा के रूप में हुई है। बरामद सामान में सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, बाइक, कटर, सब्बल, पेचकस, दस्ताने और अन्य उपकरण शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी मनीराम गौतम एक शातिर अपराधी है, जिसके विरुद्ध हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, गैंगस्टर व आर्म्स एक्ट समेत 51 आपराधिक मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपी पवन के विरुद्ध भी संबंधित मुकदमा पंजीकृत है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया। चोरी की घटना का सफल खुलासा करने वाली स्वाट, सर्विलांस और थाना हैदराबाद पुलिस टीम के उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक ने टीम को पुरस्कृत किया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments