आंगनवाड़ी केन्द्र पर अव्यवस्था देख जिलाधिकारी ने जताई नाराजगी, सम्बन्धित के विरूद्ध कार्यवाही का दिया निर्देश
झोलीजनताजिलाधिकारी ने बच्चों को समय से पोषाहार वितरित करने का दिया निर्देश
शिक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं-जिलाधिकारी
श्रावस्ती,। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने विकासखण्ड जमुनहा के अन्तर्गत कई विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों का औचक निरीक्षण कर जायजा लिया। इस दौरान उन्होने उच्च प्राथमिक विद्यालय नासिरगंज (कम्पोजिट) एवं आंगनबाडी केन्द्र नासिरगंज-प्रथम का निरीक्षण कर बच्चों को दी जा रही शिक्षा व्यवस्था का आकलन किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय में अध्यापकों की उपस्थिति एवं नामांकन के सापेक्ष छात्र-छात्राओं की उपस्थिति की जांच किया, जिस पर छात्र-छात्राओं की उपस्थिति कम पायी गई। इस पर जिलाधिकारी ने प्रधानाध्यापक को निर्देश दिया कि पंजीकृत छात्र-छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करायें। यदि कोई छात्र या छात्रा नामांकन के बाद स्कूल नहीं आ रहें है तो उनके अभिभावक से बात कर स्कूल भेजने हेतु प्रेरित किया जाए, ताकि कोई भी शिक्षा से वंचित न रहने पाये। इस दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय में बने मध्यान्ह भोजन की जसू ली, जिसमें आज सब्जी और चावल बना है। जिलाधिकारी ने विद्यालय में स्मार्ट क्लास के संचालन का भी निरीक्षण किया। उन्होने बच्चों से स्मार्ट क्लास में पढ़ाये गये विषय के बारे में भी जानकारी ली। उन्होने आयरन गोली स्टॉक रजिस्टर, बच्चों हेतु खेल किट आदि की भी जानकारी ली।
इसके उपरान्त जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय नासिरगंज काला का भी निरीक्षण किया। इस दौरान ज्ञात हुआ कि विद्यालय में कुल पंजीकृत 155 विद्यार्थियों के सापेक्ष 119 उपस्थित पाये गये। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों को दी जा रही शिक्षा की गुणवत्ता को परखा तथा बच्चों से ब्लैकबोर्ड पर गणित के प्रश्न भी हल कराये। उन्होने विद्यालय में बने मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता की भी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान स्कूल के छात्र-छात्राएं यूनीफार्म में न पाये जाने पर जिलाधिकारी ने प्रधानाध्यापक को छात्र-छात्राओं की यूनीफार्म सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया तथा उनके अभिभावकों को भी अपने बच्चों को यूनीफार्म में स्कूल भेजने हेतु प्रेरित भी किया जाए। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई, किचन, पेयजल, शौचालय आदि व्यवस्थाओं आदि का निरीक्षण कर जायजा लिया और सभी व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरूस्त करने के निर्देश दिये।
इसके उपपरान्त जिलाधिकारी ने वहीं पर बने आंगनवाड़ी केन्द्र नासिरगंज काला का भी निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी उपस्थिति पंजिका की जानकारी ली, जिस पर सहायिका द्वारा बताया गया कि आंगनवाड़ी कार्यकत्री रजिस्टर अपने साथ रखती है। जिस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की और निर्देशित किया उपस्थिति पंजिका तथा अन्य पंजिकाए केन्द्र पर प्रत्येक दशा में उपलब्ध रहें, अन्यथा कड़ी कार्यवाही की जाएगी। उन्होने पोषाहार वितरण की भी जानकारी ली तथा बच्चों को समय से पोषाहार आदि वितरित करने का निर्देश दिया। उन्होने यह भी निर्देशित किया की बच्चों की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित रखी जाए। तदोपरान्त जिलाधिकारी ने आंगनवाड़ी केन्द्र नासिरगंज प्रथम का निरीक्षण किया। इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकत्री विमलेश कुमारी उपस्थित व आंगनवाड़ी सहायिका गीता देवी अनुपस्थित पायी गई। केन्द्र पर लाईट एवं पंखे की व्यवस्था नहीं पायी गई। जिलाधिकारी ने बच्चों को पोषाहार वितरण एवं सैम-मैम बच्चों की जानकारी ली गई, जिस पर कार्यकत्री द्वारा कोई सही जानकारी नहीं दी गई तथा पोषण ट्रैकर ऐप नहीं चला पा रही थी। केन्द्र पर वेइंग मशीन नहीं पायी गई तथा शौचालय अत्यन्त जर्जर अवस्था में पाया गया। आंगनवाड़ी केन्द्र पर अव्यवस्था देख जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की तथा आंगनवाड़ी कार्यकत्री, आंगनवाड़ी सहायिका एवं अन्य सम्बन्धित के विरूद्ध कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं की जाएगी। सभी अध्यापक अपने दायित्वों को बाखूबी निभाएं और नौनिहालों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से बेहतर शिक्षा देकर उनके भविष्य को उज्जवल बनायें। साथ ही जिलाधिकारी ने समस्त अभिभावकों से अपने बच्चों को प्रतिदिन विद्यालय भेजने हेतु अपील भी किया।
इस अवसर पर सम्बन्धित विद्यालय के प्रधानाध्यापक, सहायक अध्यापक एवं आंगनवाड़ी कार्यकत्री उपस्थित रही।












