बहराइच में मानसून के साथ शुरू हुए विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग लोगों को हाथों की स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि नवजात शिशु को छूने से पहले कम से कम 40 सेकेंड तक साबुन और पानी से हाथ धोने की आदत गंभीर संक्रमण से बचाने का सबसे आसान और प्रभावी तरीका है। एसएनसीयू इंचार्ज एवं नवजात रोग विशेषज्ञ डॉ. असद अली ने बताया कि जन्म के शुरुआती 28 दिन शिशु के लिए सबसे संवेदनशील होते हैं। इस दौरान उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता पूरी तरह विकसित नहीं होती, इसलिए संक्रमण का खतरा अधिक रहता है। ऐसे में शिशु को छूने से पहले हाथों की अच्छी तरह सफाई करना बेहद जरूरी है। मानसून में बढ़ जाता है संक्रमण का खतरा नोडल संचारी रोग अधिकारी डॉ. आर.एन. वर्मा ने बताया कि बारिश के मौसम में नमी के कारण बैक्टीरिया तेजी से पनपते हैं। खेत, बाजार या बाहर से लौटने के बाद बिना हाथ धोए नवजात को छूने से सेप्सिस (खून का संक्रमण), निमोनिया और गंभीर दस्त जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। आशा कार्यकर्ताओं ने बदली लोगों की आदत आशा कार्यकर्ता सरोजनी ने बताया कि शुरुआत में लोग हाथ धोने की आवश्यकता को गंभीरता से नहीं लेते थे। गृह भ्रमण के दौरान उन्होंने स्वयं साबुन-पानी से हाथ धोकर परिवारों को इसका सही तरीका बताया। लगातार जागरूकता के बाद अब अधिकांश परिवार शिशु को गोद में लेने या छूने से पहले हाथ धोने लगे हैं। 31 जुलाई तक चलेगा विशेष अभियान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार ने बताया कि 31 जुलाई तक चलने वाले संचारी रोग नियंत्रण अभियान का उद्देश्य लोगों के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाना है। आशा और एएनएम कार्यकर्ता घर-घर जाकर परिवारों को बच्चे को छूने, स्तनपान कराने, नैपी बदलने और बाहर से आने के बाद हाथ धोने की आदत अपनाने के लिए प्रेरित कर रही हैं। डब्ल्यूएचओ के अनुसार हाथ धोने से घटता है संक्रमण का खतरा स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, डब्ल्यूएचओ और विभिन्न अध्ययनों में पाया गया है कि नवजात को छूने से पहले साबुन-पानी से हाथ धोने की आदत शिशु मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी ला सकती है। इससे डायरिया, निमोनिया, श्वसन संक्रमण और सेप्सिस जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा भी काफी कम हो जाता है। इन मौकों पर जरूर धोएं हाथ शिशु को गोद में लेने या छूने से पहले। बच्चे को स्तनपान कराने से पहले। नैपी या डायपर बदलने के बाद। शौचालय का उपयोग करने या बाहर से घर लौटने के बाद।
हाथों की स्वच्छता से नवजात मृत्यु दर में कमी:40 सेकेंड तक साबुन से हाथ धोएं, डॉक्टरों की सलाह, संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत दी जानकारी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












