HomeHealth & Fitnessमुरादाबाद में हरित पहल, पौधारोपण अभियान से कॉलोनी को बनाया जा रहा...

मुरादाबाद में हरित पहल, पौधारोपण अभियान से कॉलोनी को बनाया जा रहा हरा-भरा

मुरादाबाद। पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुरादाबाद के कांठ रोड स्थित रामगंगा विहार की जी-ब्लॉक कॉलोनी में सोमवार को व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया गया। यह पहल किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वैलरी स्टोर की ओर से की गई, जिसमें स्थानीय निवासियों और स्टोर की टीम ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

अभियान के दौरान कॉलोनी परिसर में बड़ी संख्या में छायादार एवं पर्यावरण के अनुकूल पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने केवल पौधारोपण तक ही अपनी जिम्मेदारी सीमित नहीं रखी, बल्कि इन पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा का भी संकल्प लिया। इसी उद्देश्य से कॉलोनीवासियों ने पौधों की देखरेख के लिए एक माली की व्यवस्था भी की है, ताकि लगाए गए पौधे सुरक्षित रहें और भविष्य में घने वृक्ष बन सकें।

इस अभियान को सफल बनाने में किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वैलरी स्टोर के सीनियर सेल्स एग्जीक्यूटिव मनोज कुमार और सेल्स एग्जीक्यूटिव प्रगति ठाकुर ने सक्रिय भूमिका निभाई। दोनों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने की अपील की।

कार्यक्रम में कॉलोनी की निवासी प्रेम बाला, वाणी शैली, अंजू, निशि, स्वाति, अक्षय, प्रकृति, रमेश और दलवीर सिंह सहित कई लोगों ने भाग लिया। सभी ने मिलकर पौधों की सुरक्षा और स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए पौधारोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। यदि प्रत्येक व्यक्ति नियमित रूप से पौधे लगाए और उनकी देखभाल करे, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।

स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक और पर्यावरणीय अभियान न केवल हरियाली बढ़ाने में मदद करते हैं, बल्कि समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता भी पैदा करते हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments