HomeHealth & Fitnessलुटेरों को दबोचने के लिए खाकी को खंगालने पड़े 600 सीसीटीवी, दो...

लुटेरों को दबोचने के लिए खाकी को खंगालने पड़े 600 सीसीटीवी, दो आरोपी गिरफ्तार

लखनऊ। गोसाईंगंज क्षेत्र में ज्वैलर्स को गोली मारकर लाखों के जेवर लूटने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने रविवार-सोमवार देर रात गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लूटा गया माल बरामद किया है। पुलिस तीसरे आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।

डीसीपी साउथ अमित कुमार आनंद ने बताया 23 जून की रात अमेठी निवासी ज्वैलर्स सचिन कुमार वर्मा अपनी मुंशीगंज स्थित दुकान और भाई मनीष सोनी की दुकान के सोने-चांदी के जेवर बैग में रखकर स्कूटी से घर लौट रहे थे। रात करीब 8:30 बजे बंग्ला भवानी मंदिर के पास तीन बदमाशों ने उनकी स्कूटी रोक ली और बैग लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने सचिन के पैर में गोली मार दी और आभूषणों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित की तहरीर पर गोसाईंगंज थाने में लूट का मुकदमा दर्ज किया गया था। जिनकी तलाश चार टीमें गठित की गई थीं। पुलिस और सर्विलांस टीम ने करीब 600 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए। 

जांच के दौरान रविवार देर रात पुलिस ने दहेरामऊ अंडरपास के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान जौनपुर के सिकरारा थाना क्षेत्र के ककोहिया गांव निवासी शिवम यादव उर्फ कुंदन (24) और अंकुल यादव उर्फ गोले (20) के रूप में हुई। दोनों के कब्जे से लूटे गए जेवर बरामद किए गए हैं। शिवम स्नातक है और उसने एडीसीए कंप्यूटर कोर्स भी किया है। वहीं अंकुल डिप्लोमा मैकेनिकल इंजीनियर है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ लूट के मुकदमे में संबंधित धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी हैं। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। 

वारदात में शामिल तीसरे आरोपी सोनू यादव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए दुकान के आसपास व उनके आने जाने के समय की रेकी करते हैं और चोरी की मोटर साइकिल से घटना को अंजाम देते हैं। यदि आसानी से सामान नहीं मिलता है तो गोली मारकर घायल कर लूटपाट कर आते है। 

आरोपियों ने 23 जून को गोसाईगंज लखनऊ में सुनार के पैर में गोली मारकर लूट की घटना की थी। 6 जून को थाना हजरतगंज से बाइक चोरी की थी। इसके बाद 18 जून को थाना मील एरिया रायबरेली में भी सुनार को गोली मारकर लूट की घटना की थी।इसके अलावा 28 मई अलीनगर चंदौली में भी सुनार को गोली मारकर लूट की घटना की थी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments