#बस्ती_न्यूज
बस्ती। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 10 जुलाई को हरैया का दौरा करेंगे। उनके आगमन के मद्देनजर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचा दी हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित किया गया है, साथ ही यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष रूट डायवर्जन योजना लागू की गई है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान बस्ती-अयोध्या फोरलेन पर फुटहिया चौराहे से लगभग चार घंटे तक भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इस अवधि में भारी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जाएगा, ताकि वीआईपी आवाजाही में कोई व्यवधान न हो।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा के लिए कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्र को तीन सुरक्षा जोन में बांटा गया है। सुरक्षा व्यवस्था में तीन अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी), छह क्षेत्राधिकारी (सीओ) और लगभग 400 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त, सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे, जो हर गतिविधि पर पैनी नजर रखेंगे। खुफिया एजेंसियां भी लगातार निगरानी कर रही हैं और पल-पल की रिपोर्ट शासन को भेजी जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि निर्धारित समय के दौरान फोरलेन मार्ग पर यात्रा करने से बचें और आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। प्रमुख चौराहों और डायवर्जन प्वाइंट पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा, जो यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करेगा। हरैया स्थित बीआरसी परिसर में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह और एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान ने बुधवार दोपहर करीब 2 बजे कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने हेलीपैड, पंडाल, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तैयारियों का जायजा लिया तथा सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध ढंग से व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
सीएम योगी के बस्ती दौरे पर हाई अलर्ट:बस्ती में 400 पुलिसकर्मी तैनात, 4 घंटे रूट डायवर्जन रहेगा
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












