HomeHealth & Fitnessमजार पर कथित लव जिहाद व धर्मांतरण के आरोप पर बवाल, चार...

मजार पर कथित लव जिहाद व धर्मांतरण के आरोप पर बवाल, चार युवक हिरासत में

1783601744782कौशाम्बी। जिले के कोखराज थाना क्षेत्र के शहजादपुर गांव स्थित एक मजार पर गुरुवार को उस समय तनाव की स्थिति पैदा हो गई, जब विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के सैकड़ों कार्यकर्ता वहां पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने मजार पर कथित लव जिहाद और धर्मांतरण जैसी गतिविधियां संचालित होने का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करते हुए चार मुस्लिम युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह, क्षेत्राधिकारी सिराथू सत्येंद्र तिवारी, क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार शुक्ला तथा राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया।

घटना के बाद बजरंग दल के सैकड़ों कार्यकर्ता कोखराज थाने पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न होने पाए। प्रशासन की ओर से क्षतिग्रस्त मजार की मरम्मत कराने की भी व्यवस्था की जा रही है।

बजरंग दल के जिला संयोजक धीरेंद्र सिंह ने दावा किया कि उनकी टीम पिछले छह माह से गुरुवार के दिन मजार पर कथित लव जिहाद और धर्मांतरण जैसी गतिविधियां होने की सूचना के आधार पर नजर रख रही थी। हालांकि, इन आरोपों की अभी तक पुलिस अथवा प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है। हिरासत में लिए गए चार युवकों से पूछताछ जारी है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments