कौशाम्बी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के 78वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा अभियान के तहत शुक्रवार को स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, मंझनपुर में स्टूडेंट्स फॉर सेवा (एसएफएस) के माध्यम से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ चायल विधानसभा के निवर्तमान विधायक संजय कुमार गुप्ता एवं रक्त केंद्र प्रभारी रविरंजन सिंह ने फीता काटकर किया।
रक्तदान शिविर में विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ अन्य युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया। रक्तदाताओं ने समाज सेवा और मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदान किया।
मुख्य अतिथि संजय कुमार गुप्ता ने कहा कि युवाओं को राष्ट्रहित और समाजहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि राष्ट्रवाद को समझना है तो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यों को समझना होगा। परिषद के कार्यकर्ता निस्वार्थ भाव से समाज के हर क्षेत्र में सेवा कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा दान की गई रक्त की प्रत्येक बूंद किसी बीमार, असहाय और जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में सहायक बनेगी। ऐसे सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
शिविर में आनंद सिंह पटेल, वंश केसरवानी, अनूप सिंह पटेल, अब्बास सहित कई युवाओं ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। कार्यक्रम के दौरान विभाग संगठन मंत्री अश्वनी कुमार सिंह, नगर अध्यक्ष हर्ष कुमार, जिला संयोजक सुशील कुमार सोनकर, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य गौरव मिश्रा, अभिराज सिंह, नगर मंत्री दीपक सिंह सहित चिकित्सा महाविद्यालय के चिकित्सक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रक्तदान शिविर के माध्यम से युवाओं को सामाजिक दायित्व निभाने और मानव सेवा के लिए प्रेरित किया गया। आयोजन में उपस्थित लोगों ने रक्तदान को महादान बताते हुए समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान करने का संकल्प भी लिया।












