HomeHealth & Fitnessआरटीई तीसरे चरण की लॉटरी पूरी, 7,630 बच्चों को पसंदीदा निजी स्कूलों...

आरटीई तीसरे चरण की लॉटरी पूरी, 7,630 बच्चों को पसंदीदा निजी स्कूलों में मिला नि:शुल्क प्रवेश

  • आरटीई के तहत तीसरे चरण की ऑनलाइन लॉटरी संपन्न।
  • 7,630 बच्चों को पसंद के निजी स्कूलों में प्रवेश मिला।
  • नर्सरी, केजी-1 और कक्षा 1 में सीटों का आवंटन।

भोपाल। मध्य प्रदेश में शिक्षा का अधिकार अधिनियम के अंतर्गत तीसरे चरण की लॉटरी प्रक्रिया शुक्रवार को संपन्न हो गई। इसमें 7 हजार 630 बच्चों को उनकी पसंद के निजी स्कूलों में नि:शुल्क प्रवेश मिला।

राज्य शिक्षा केन्द्र संचालक हरजिंदर सिंह ने तीसरे चरण की ऑनलाइन लॉटरी प्रक्रिया का बटन क्लिक किया। इस लॉटरी प्रक्रिया में उन बच्चों को शामिल किया गया था, जिन्हें पूर्व में आयोजित प्रथम एवं द्वितीय चरणों की लॉटरी में उनकी पसंद के स्कूल आवंटित नही हो सके थे।

ऐसे बच्चों को निजी विद्यालयों की रिक्त सीटों अनुसार तृतीय चरण की लॉटरी के लिए अपनी वरीयता अंकित करते हुए आवेदन करने का एक और अवसर प्रदान किया गया था।

तीसरे चरण की लॉटरी में बच्चों को उनकी चुनी गई वरीयता के आधार पर निजी स्कूलों में सीट का आवंटन 10 जुलाई को ऑनलाइन लॉटरी की स्वचालित कंप्यूटर प्रक्रिया द्वारा किया गया। इनमें से नर्सरी कक्षा में 4695, के.जी. 1 में 2042 और कक्षा 1 में 893 बच्चों को प्रवेश प्राप्त हुआ।

राज्य शिक्षा केन्द्र संचालक हरजिंदर सिंह ने लॉटरी में चयनित बच्चों को उनकी पसंद का स्कूल आवंटित होने पर बधाई दी है। साथ ही उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।

उन्होंने पारदर्शी ऑनलाइन व्यवस्था निर्मित करने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग और मध्य प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉरपोरेशन टीम की प्रशंसा भी की।

वर्ष 2026-27 में एक लाख 25 हजार से अधिक बच्चों को मिला प्रवेश
गौरतलब है कि इस वर्ष आरटीई के अंतर्गत लॉटरी के लिए दस्तावेज सत्यापन के उपरांत 1 लाख 80 हज़ार 875 बच्चे पात्र हुए थे।

प्रथम चरण में 1 लाख 6 हजार से अधिक एवं द्वितीय चरण की लॉटरी में 11 हजार 485 बच्चों को नि:शुल्क अध्ययन के लिए शाला आवंटन प्राप्त हुआ था। शुक्रवार को तीसरे चरण की संपन्न हुई लॉटरी प्रक्रिया में 7 हजार 630 बच्चों को उनकी पसंद के निजी विद्यालयों में प्रवेश आवंटन प्राप्त हुआ।

इस प्रकार शैक्षणिक सत्र 2026-27 में आरटीई के अंतर्गत निजी विद्यालयों में नि:शुल्क प्रवेश आवंटन प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की संख्या 1 लाख 25 हजार से अधिक हो गई है।

तीसरे चरण की लॉटरी में जिन बच्चों को निजी विद्यालयों में नि:शुल्क प्रवेश प्राप्त हुआ है उनके अभिभावक आरटीई पोर्टल www.rteportal.mp.gov.in पर जाकर आवंटन पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।

इसके साथ ही उन्हें उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस माध्यम से भी सूचना दी जा रही है। बच्चे आवंटित स्कूलों में 11 जुलाई से 20 जुलाई 2026 तक जाकर प्रवेश ले सकेंगे। इन बच्चों की फीस सरकार द्वारा नियमानुसार सीधे स्कूल के खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर की जाएगी।

तीसरे चरण की लॉटरी प्रक्रिया के अवसर पर राज्य शिक्षा केन्द्र के अपर संचालक डॉ. अरूण सिंह, आरटीई नियंत्रक किरण कुशवाह, समन्वयक वीणा वार्ष्णेय, कार्य प्रभारी प्रोग्रामर पंकज श्रीवास्तव तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments