मरीजों को सरकार द्वारा प्रदत्त सभी सुविधाएं अनिवार्य रूप से मुहैया करायें चिकित्सकगण-अपर सचिव
श्रावस्ती,। अपर सचिव, (समग्र शिक्षा), स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार/केन्द्रीय प्रभारी अधिकारी नीति आयोग, श्री धीरज साहू ने विकास खण्ड जमुनहा के अन्तर्गत सामुदायिक केन्द्र मल्हीपुर का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मल्हीपुर के निरीक्षण के दौरान अपर सचिव ने अस्पताल में मौजूद मरीजों से मिलकर उनका कुशलक्षेम जाना और डॉक्टर द्वारा मरीजों को दी जा रही चिकित्सीय सुविधा की भी जानकारी ली। अस्पताल एवं परिसर में साफ-सफाई बेहतर पायी गई। इस दौरान उन्होंने पंजीकरण काउंटर, दवा वितरण काउंटर, प्रसव कक्ष, टी0बी0 लैब, पैथालाजी, चिकित्सक कक्ष, जनरल वार्ड, जननी सुरक्षा वार्ड, पी0आई0सी0यू0 वार्ड, एस0एन0सी0यू0, एन0बी0एस0यू0 कक्ष, इमरजेंसी वार्ड, ओ0पी0डी0 मरीज पंजिका आदि का बारीकी से निरीक्षण कर जानकारी ली और सभी व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरूस्त रखने का निर्देश दिया। इस दौरान अपर सचिव ने नवजात शिशुओं की जन्म-मृत्यु दर की भी जानकारी ली, जिस पर ज्ञात हुआ कि मृत्यु दर में विगत वर्ष की भांति कमी आयी है।
अपर सचिव ने कहा कि मरीजों के साथ बेहतर व्यवहार कर उन्हें सरकार द्वारा प्रदत्त सभी सुविधाएं अनिवार्य रूप मुहैया कराई जाय। प्रसव के लिए आई महिलाओं की डिलवरी के बाद उनकी और उनके नवजात शिशुओं की बेहतर ढंग से देखभाल की जाए। उन्होने यह भी कहा कि प्रसव कक्ष एवं जच्चा-बच्चा वार्ड में मरीजों को कोई दिक्कत न होने पाए, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। 
इस दौरान जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने अपर सचिव महोदय को अवगत कराया कि उनके द्वारा भी समय-समय पर सीएचसी एवं पीएचसी का निरीक्षण किया जाता है और सम्बन्धित चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल कर्मियों को आवश्यक निर्देश भी निर्गत किये जाते है।सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 ए0के0 सिंह, उपजिलाधिकारी एस0के0 राय, प्रभारी चिकित्साधिकारी मल्हीपुर एवं अन्य चिकित्सकगण व पैरामेडिकल कर्मीगण उपस्थित रहे।












