Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)दौलतपुर में स्कूल मार्ग पर कीचड़ और जलभराव:राहगीर व स्कूली बच्चे परेशान,...

दौलतपुर में स्कूल मार्ग पर कीचड़ और जलभराव:राहगीर व स्कूली बच्चे परेशान, बीमारी का खतरा


बहराइच जिले के मिहींपुरवा तहसील क्षेत्र के बलहा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत दौलतपुर के मजरा चिरैया नकहा पुरवा में प्राथमिक विद्यालय जाने वाले मुख्य मार्ग की हालत बेहद खराब है। हल्की बारिश में ही यह मार्ग जलभराव और कीचड़ से भर जाता है, जिससे राहगीरों, ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, थोड़ी सी बारिश में ही पूरा मार्ग तालाब में बदल जाता है, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो जाता है। बच्चों को स्कूल जाने के लिए कीचड़ और पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जिसके कारण कई बच्चे विद्यालय जाने से कतराते हैं। घरेलू सामान खरीदने के लिए भी लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया कि इस गंदगी और जलभराव के कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है। आए दिन इस मार्ग से गुजरने वाले कई लोग चोटिल हो चुके हैं। लोग अपनी जान जोखिम में डालकर किसी तरह आवागमन करते हैं। इस स्थिति पर सुरेश कुमार, अनिल यादव, अखिलेश कुमार, रंगीलाल, अमेरिका प्रसाद, जोखन, तिरथराम और रमेश सहित कई ग्रामीणों ने नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने आरोप लगाया कि कोई भी जिम्मेदार जनप्रतिनिधि इस समस्या पर ध्यान नहीं दे रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इस गंभीर मुद्दे पर ध्यान नहीं दिया गया, तो वे उच्च अधिकारियों से इसकी शिकायत करेंगे। इस संबंध में ग्राम प्रधान वसीम अहमद से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि मार्ग का स्तर नीचा होने के कारण ऐसी स्थिति उत्पन्न होती है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस समस्या का समाधान बहुत जल्द करवा दिया जाएगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments