#बस्ती_न्यूज
बस्ती जिले के कलवारी थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक सड़क हादसे में मजदूरी कर घर लौट रहे एक युवक की मौत हो गई। इस घटना में उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर कलवारी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कलवारी पहुंचाया। कलवारी पुलिस के अनुसार, शाम करीब 7:20 बजे दूरभाष पर सूचना मिली कि कलवारी चौराहे से रामजानकी मार्ग पर अगौना की ओर लगभग 200 मीटर आगे एक सड़क दुर्घटना हुई है। सूचना मिलते ही थाना कलवारी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन संख्या पर सवार दो मजदूर छावनी क्षेत्र से मजदूरी कर कलवारी की ओर लौट रहे थे। कलवारी चौराहे के पास पहुंचते ही पीछे से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए। घायलों की पहचान पंकज (32 वर्ष) पुत्र अजीत और सुभाष चंद्र (39 वर्ष) पुत्र रामदीन, निवासी चकबंजारीजोत, थाना कलवारी, जनपद बस्ती के रूप में हुई। पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर दोनों को सीएचसी कलवारी पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने पंकज को मृत घोषित कर दिया, जबकि सुभाष चंद्र की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल बस्ती रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलने पर मृतक और घायल के परिजन अस्पताल पहुंचे। थाना कलवारी पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है। थानाध्यक्ष कलवारी संतोष कुमार ने बताया कि दुर्घटना के बाद मौके पर शांति व्यवस्था सामान्य रही और यातायात बाधित नहीं हुआ। पुलिस ने सड़क से क्षतिग्रस्त वाहन हटवाकर यातायात को सुचारु कराया।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती में अज्ञात वाहन की टक्कर से मजदूर की मौत:कलवारी में हादसा, एक साथी गंभीर रूप से घायल
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












