जनपद बहराइच के थाना रानीपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत अचोलिया में बीती रात तीन घरों में चोरी की वारदातें हुईं। चोरों ने लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, नगदी और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ किया। सुबह घटना की जानकारी होने पर ग्रामीणों में चिंता फैल गई। चोरों ने पूर्व प्रधान दरोगा सिंह के घर को निशाना बनाया। पीछे की ओर से सेंध लगाकर घर में घुसे चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर करीब पांच लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण, नगदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। इसी रात गांव के दो अन्य घरों में भी चोरी की घटनाएं सामने आईं। लगातार तीन घरों में हुई इन वारदातों से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि चोर पूरी तैयारी के साथ आए थे और रात के सन्नाटे का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। ग्रामीणों ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की है और पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है। ग्राम पंचायत अचोलिया में एक पुलिस चौकी स्थापित है, जहां वर्तमान में चौकी प्रभारी बब्बन सिंह तैनात हैं। हाल ही में जनपद बहराइच में पुलिस विभाग में प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। पूर्व थाना प्रभारी हरेंद्र कुमार मिश्रा का स्थानांतरण थाना रुपईडीहा किया गया है, जबकि हरेंद्र नाथ राय ने थाना रानीपुर का कार्यभार संभाला है। यह घटना नई पुलिस टीम के लिए एक चुनौती मानी जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी हरेंद्र नाथ राय अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की तथा साक्ष्य एकत्र किए। पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब में चौकी प्रभारी बब्बन सिंह ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस की विशेष टीम गठित कर दी गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। चोरी की वास्तविक क्षति और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पूरे क्षेत्र की निगाहें अब पुलिस जांच और इस मामले के शीघ्र खुलासे पर टिकी हैं।












