HomeHealth & Fitness*सपा सांसद के बयान पर प्रतापगढ़ में सियासी संग्राम*

*सपा सांसद के बयान पर प्रतापगढ़ में सियासी संग्राम*

प्रतापगढ़। प्रतापगढ़ के सांसद डॉ. एसपी सिंह पटेल के एक बयान को लेकर जिले की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। मंगलवार को विश्वनाथगंज विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि “सवर्णों के घर तक सड़कें बनती हैं, जबकि अनुसूचित जाति और पिछड़े वर्ग के लोगों के आवास तक सड़कें नहीं बनतीं।” सांसद के इस बयान पर भाजपा के वरिष्ठ नेता राजा अनिल प्रताप सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे समाज में जातीय वैमनस्य फैलाने वाला और गैर-जिम्मेदाराना बताया है।
राजा अनिल प्रताप सिंह ने कहा कि सांसद का यह बयान समाज को जातियों के आधार पर बांटने और लोगों के बीच वैमनस्य फैलाने वाला है। यह उनकी ओछी मानसिकता को भी दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सांसद महीने में शायद ही कभी अपने संसदीय क्षेत्र में दिखाई देते हैं और जनता की समस्याओं के समाधान के बजाय इस तरह के विवादित बयान देकर राजनीतिक माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। सरकार किसी भी योजना के क्रियान्वयन में जाति, वर्ग अथवा समुदाय के आधार पर भेदभाव नहीं करती। चाहे सड़क निर्माण हो, आवास योजना हो अथवा अन्य जनकल्याणकारी योजनाएं, सभी का लाभ पात्रता और आवश्यकता के आधार पर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि सांसद को इन योजनाओं की वास्तविक जानकारी प्राप्त करनी चाहिए थी। ऐसे में उनका यह बयान न केवल तथ्यों से परे है, बल्कि समाज में भ्रम और तनाव पैदा करने वाला भी है।
राजा अनिल प्रताप सिंह ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व समाज को जोड़ने का होता है, न कि जातीय आधार पर लोगों के बीच विभाजन की भावना पैदा करना। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए विधानसभा चुनाव नजदीक आते देख राजनीतिक लाभ के लिए इस प्रकार की बयानबाजी की जा रही है। उनका कहना था कि चुनाव में संभावित हार की आशंका से विपक्षी नेता जनता के बीच बेतुके बयान देकर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि सांसद डॉ. एसपी सिंह पटेल के इस बयान की सभी सवर्ण मतदाता घोर निंदा कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने सांसद से अपने बयान पर सार्वजनिक स्पष्टीकरण देने तथा समाज से माफी मांगने की मांग की।
सांसद के इस बयान के बाद जिले के राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं की ओर से भी इस पर प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं और मामला राजनीतिक बहस का विषय बन गया है।
गौरतलब है कि जून के प्रथम सप्ताह में भी सपा सांसद डॉ. एसपी सिंह पटेल अपने एक बयान को लेकर विवादों में आ गए थे। उस समय मीडियाकर्मियों ने उनसे सवाल किया था कि क्षेत्र की जनता का आरोप है कि वह अपने संसदीय क्षेत्र में कम दिखाई देते हैं और पर्याप्त सक्रिय नहीं रहते। इस प्रश्न पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सांसद ने कथित तौर पर सवाल पूछने वालों को “मूर्ख और जल्लाद” कह दिया था। इस टिप्पणी को लेकर भी उस समय राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई थीं।
अब एक बार फिर सांसद के ताजा बयान ने जिले की राजनीति को गर्मा दिया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि चुनावी माहौल में इस तरह की बयानबाजी आने वाले समय में राजनीतिक बहस को और तेज कर सकती है। वहीं, भाजपा नेता राजा अनिल प्रताप सिंह ने उम्मीद जताई कि सांसद अपने बयान पर स्पष्टीकरण देंगे और समाज में सौहार्द बनाए रखने के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगेंगे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments