*
रिपोर्ट:हेमन्त कुमार दुबे।
महराजगंज।तहसील निचलौल सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी की अध्यक्षता में ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने जनता की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को कड़े निर्देश दिए। समाधान दिवस में कुल 165 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 25 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष बची शिकायतों को लेकर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने विशेष रूप से भूमि विवाद से जुड़े मामलों में निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया।जिलाधिकारी ने कड़े लहजे में कहा कि आईजीआरएस (IGRS) पोर्टल पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर न होकर धरातल पर होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि का प्रतिशत न्यूनतम 75 फीसदी तक पहुंचाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। इसके साथ ही उन्होंने तहसीलदार निचलौल को धारा-24 और धारा-116 से संबंधित न्यायालयी आदेशों का शत-प्रतिशत अनुपालन कराने की हिदायत दी। मामलों के निस्तारण में ढिलाई बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ जिलाधिकारी का सख्त रुख देखने को मिला। राजस्व विभाग ग्राम सोनबरसा में धारा-30(2) के एक मामले में रिपोर्ट लगाने में देरी करने पर लेखपाल और कानूनगो से स्पष्टीकरण मांगते हुए विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए। महराजगंज-ठूठीबारी मार्ग से जुड़ी जनसमस्याओं और शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए लोक निर्माण विभाग (राष्ट्रीय राजमार्ग) के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) से जवाब तलब किया गया है।बिजली व चकबंदी विभाग इन दोनों विभागों के खिलाफ लगातार मिल रही शिकायतों और समय पर कार्रवाई न होने को लेकर जिलाधिकारी ने संबंधित अधीक्षण अभियंताओं को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए।डीएम ने राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे पर जोर देते हुए कहा कि न्यायालय द्वारा पारित आदेशों का अनुपालन कानूनगो और लेखपाल समय सीमा के भीतर करें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आदेशों के अनुपालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई, तो संबंधित अधिकारी और कर्मचारी की व्यक्तिगत जवाबदेही तय कर उनके खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) सुर्वे निरंजन राजेंद्र, मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी, तहसीलदार निचलौल अमित कुमार सिंह, परियोजना निदेशक (PD) राम दरश चौधरी सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।












