एंकर: श्रावस्ती के इकौना में पारिवारिक विवाद उस वक्त हाई वोल्टेज ड्रामे में बदल गया, जब एक युवक फिल्म शोले के वीरू की तरह 200 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया। ऊपर युवक का गुस्सा सातवें आसमान पर था, तो नीचे पुलिस, प्रशासन और सैकड़ों लोग उसे मनाने में जुटे थे। कई घंटे तक चले इस ड्रामे में पुलिस के पसीने छूट गए। आखिरकार जब पत्नी और बच्चों को मौके पर लाया गया, तब जाकर युवक नीचे उतरने को तैयार हुआ। लेकिन नीचे उतरते ही इस कहानी में ऐसा ट्विस्ट आया जिसने सभी को चौंका दिया।
VO:- ये तस्वीरें श्रावस्ती के इकौना कस्बे के पटेल नगर की हैं। आजाद नगर निवासी 40 वर्षीय नानकू पुत्र बाबू अचानक 200 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया। ऊपर पहुंचते ही उसने ऐलान कर दिया कि जब तक उसकी पत्नी और बच्चे नहीं आएंगे, वह नीचे नहीं उतरेगा।
नानकू का आरोप था कि उसके ससुर और साले ने उसकी पत्नी और बच्चों को उससे दूर कर दिया है। गुस्से में युवक टंकी की ऊपरी सीढ़ियां तोड़ने तक लगा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही इकौना पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। कई घंटे तक पुलिस लाउडस्पीकर से समझाती रही, स्थानीय लोग भी हाथ जोड़कर नीचे उतरने की अपील करते रहे, लेकिन युवक अपनी जिद पर अड़ा रहा।
आखिरकार पुलिस ने उसकी पत्नी और बच्चों को मौके पर बुलाया। जैसे ही परिवार टंकी के नीचे पहुंचा, युवक का गुस्सा शांत हुआ और वह सुरक्षित नीचे उतर आया। नीचे उतरते ही उसने पुलिस का धन्यवाद किया और पत्नी-बच्चों से लिपट गया।
लेकिन इस हाई वोल्टेज ड्रामे का सबसे बड़ा ट्विस्ट अभी बाकी था। युवक की बेटी ने पुलिस और कैमरे के सामने आरोप लगाया कि उसके पिता आए दिन घर में मारपीट करते थे। इसी वजह से वह अपनी मां के साथ खुद ही नाना के घर चली गई थी। किसी ने उन्हें गायब नहीं किया था।
अब सवाल यह है कि क्या यह पूरा ड्रामा महज पारिवारिक विवाद का नतीजा था या फिर पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश? फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और कानूनी कार्रवाई की बात कह रही है।
बाइट: परिजन (पानी की टंकी पर चढ़ा युवक ननकू का भाई)
बाइट :- ननकू की पत्नी
बाइट ननकू की बेटी
बाइट ननकू (पानी की टंकी पर चढ़ा युवक)
करीब कई घंटे तक चले इस ‘वीरू ड्रामे’ ने पुलिस-प्रशासन की सांसें अटका दीं। राहत की बात यह रही कि बिना किसी अनहोनी के युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया, लेकिन इस घटना ने पूरे इलाके में घंटों तक सनसनी और चर्चा का माहौल बनाए रखा।












