HomeHealth & Fitnessरामा हॉस्पिटल में हंगामे के बाद पथराव, मुकदमा दर्ज 

रामा हॉस्पिटल में हंगामे के बाद पथराव, मुकदमा दर्ज 

 

 

बदायूं। बुधवार रात शहर के इंद्रा चौक स्थित रामा हॉस्पिटल में युवक की इलाज के बाद मौत होने पर परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए शव रखकर हंगामा किया। देखते ही देखते अस्पताल कर्मियों और परिजनों के बीच विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट व पथराव तक पहुंच गया। घटना के दौरान कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि थाना अलापुर क्षेत्र के ग्राम उपरैला निवासी 32 वर्षीय राजवीर 18 जुलाई को दुर्घटना में घायल हो गया था। 19 जुलाई को उसे शहर के इंद्रा चौक स्थित रामा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के नाम पर पहले दिन 1.60 लाख रुपये जमा कराए गए और बाद में 28 जुलाई तक इलाज के दौरान करीब 5 लाख रुपये खर्च हो गए। इसके बाद अस्पताल से मरीज को डिस्चार्ज कर दिया गया, लेकिन घर ले जाने के बाद उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए 29 जुलाई की देर रात अस्पताल के बाहर शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया। इसी दौरान अस्पताल के डॉक्टरों व कर्मचारियों तथा परिजनों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट और पथराव में बदल गई। घटना के कारण कुछ समय तक मार्ग भी अवरुद्ध रहा और आसपास अफरा तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर थाना सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments