#बस्ती_न्यूज
बस्ती जिले के हर्रैया क्षेत्र में नीलगायों का आतंक बढ़ गया है। नीलगायों के झुंड खेतों में घुसकर फसलों को लगातार बर्बाद कर रहे हैं, जिससे किसान परेशान हैं और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है। स्थानीय भाषा में ‘घुड़रोज’ कही जाने वाली ये नीलगायें रजौली और खैरी जैसे गांवों के पास की झाड़ियों में अपना ठिकाना बना चुकी हैं। ग्रामीणों के अनुसार, इनकी संख्या इतनी बढ़ गई है कि इन्हें नियंत्रित करना मुश्किल हो रहा है। चुईलबाबू के किसान रामइकबाल मिश्रा ने बताया कि नीलगायों के कारण अब खेती घाटे का सौदा बन गई है। उन्होंने कहा, “हमने बड़ी मेहनत से धान की रोपाई की थी, लेकिन नीलगायों ने कुछ ही घंटों में सब तबाह कर दिया। जब तक हम एक खेत से इन्हें भगाते हैं, तब तक ये दूसरे खेत में घुस जाती हैं।” एक अन्य किसान चित्रसेन पांडे ने बताया कि गांव के पास की झाड़ियों में नीलगायों की आबादी तेजी से बढ़ी है। उन्होंने कहा, “इनकी बढ़ती संख्या न केवल फसलों को नुकसान पहुंचा रही है, बल्कि सड़क हादसों का कारण भी बन रही है। मैं मंगलवार को नीलगाय से टकराकर चोटिल हो गया था।” धान इस क्षेत्र की मुख्य फसल है। नीलगायों द्वारा फसलों का नष्ट होना किसानों की आर्थिक स्थिति पर गंभीर प्रभाव डाल रहा है। किसान दिन-रात अपनी फसलों की रखवाली कर रहे हैं, लेकिन वे इन जानवरों से अपनी उपज को बचाने में असमर्थ हैं। नीलगायों के आतंक की शिकायतें पहले भी आती रही हैं, लेकिन प्रशासन ने इस समस्या के समाधान के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। किसानों ने प्रशासन से इस समस्या को गंभीरता से लेने और आवश्यक कदम उठाने की अपील की है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
हर्रैया में नीलगायों का आतंक, फसलें बर्बाद:किसान परेशान, प्रशासन से समाधान की अपील
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












