इटावा: नोएडा से इटावा सवारी लेकर आ रहे ओला कैब चालक को किराये के बकाया रुपये मांगना महंगा पड़ गया। जसवंतनगर थाना क्षेत्र में कार सवार दो युवकों ने कथित तौर पर चालक की गर्दन पर चाकू से वार कर दिया। चालक ने बहादुरी दिखाते हुए दोनों युवकों का विरोध किया, जिसके चलते कार अनियंत्रित होकर हाईवे के डिवाइडर से टकरा गई।
पेट्रोल पंप के पास शुरू हुआ विवाद
घटना मंगलवार रात करीब 11:30 बजे खेड़ा धौलपुर ओवरब्रिज के ऊपर की बताई जा रही है। घायल कैब चालक की पहचान 30 वर्षीय पुष्पेंद्र सिंह पुत्र राकेश कुमार, निवासी रामगंज, पोस्ट जावपुर, थाना घिरोर, मैनपुरी के रूप में हुई है। बताया गया कि पुष्पेंद्र ग्रेटर नोएडा से यात्रियों को लेकर इटावा आईटीआई चौराहे आ रहे थे। फूलरई के पास पेट्रोल पंप पर ईंधन भरवाने के बाद उन्होंने यात्रियों से बकाया किराया मांगा।
1500 रुपये देने को तैयार हुए युवक, बाकी बाद में देने की बात
आरोप है कि दोनों युवकों ने चालक को 1500 रुपये देने और शेष किराया इटावा पहुंचने के बाद देने की बात कही। इसी बात को लेकर कहासुनी बढ़ गई। मामला इतना बिगड़ गया कि दोनों युवकों ने कथित रूप से चालक पर चाकू से हमला कर दिया। चालक ने बचाव करते हुए युवकों से भिड़ने की कोशिश की, इसी दौरान चाकू गर्दन के दाहिने हिस्से में लग गया।
हाथापाई के बीच डिवाइडर से टकराई कार
कार के भीतर चालक और युवकों के बीच हाथापाई होने लगी। इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार हाईवे के डिवाइडर से जा भिड़ी। हादसे के बाद आसपास पुलिस वाहन का सायरन सुनाई दिया, जिसके बाद दोनों युवक कार छोड़कर मौके से फरार हो गए। घटना में चालक के गर्दन और हाथ में चोटें आई हैं।
CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल पुष्पेंद्र सिंह को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी जसवंतनगर पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है। थानाध्यक्ष कमल भाटी के मुताबिक पेट्रोल पंप और हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।
#उत्तरप्रदेश #उत्तरप्रदेशन्यूज़ #यूपीन्यूज़ #UPNews #UttarPradeshNews #HindiNews #BreakingNews #आजकीखबर #ताज़ाखबर #यूपीसमाचार













