सिद्धार्थनगर जनपद के खेसरहा क्षेत्र स्थित ग्राम बंजरहा बुजुर्ग में पिछले तीन दिनों से आधा गांव अंधेरे में है। मंगलवार रात करीब 10 बजे एक ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव में दो ट्रांसफार्मर लगे हैं, जो आधे-आधे गांव को बिजली प्रदान करते हैं। इनमें से एक के जल जाने से गांव का आधा हिस्सा प्रभावित हुआ है, जबकि दूसरे हिस्से में बिजली आपूर्ति सामान्य बनी हुई है। बिजली गुल होने से लोगों के दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। भीषण गर्मी के इस मौसम में पेयजल, पंखे और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी ठप पड़ गई हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों ने अपनी परेशानी साझा की। रामराज ने बताया कि तीन दिन से बिजली न होने के कारण बच्चों और बुजुर्गों को रात में काफी दिक्कत हो रही है। संत कुमार ने गर्मी में पानी की समस्या का जिक्र किया, जबकि राम प्रसाद ने बिजली विभाग पर ठोस कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। अजय त्रिपाठी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ेंगी। ग्रामीणों ने विभाग से तत्काल ट्रांसफार्मर बदलकर विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है ताकि सामान्य जनजीवन पटरी पर लौट सके। महुलानी मरवटिया पावर हाउस के अवर अभियंता राजकुमार ने बताया कि जला हुआ ट्रांसफार्मर नया है और गारंटी अवधि में है। विभाग द्वारा सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराकर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
सिद्धार्थनगर में तीन दिन से अंधेरे में आधा गांव:ट्रांसफार्मर जलने से विद्युत आपूर्ति ठप, ग्रामीण परेशान
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!











