Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)बस्ती में राशन घोटाले का भंडाफोड़:44 कुंटल गेहूं, 68 कुंटल चावल की...

बस्ती में राशन घोटाले का भंडाफोड़:44 कुंटल गेहूं, 68 कुंटल चावल की कालाबाजारी; विक्रेता पर केस

#बस्ती_न्यूज

बस्ती के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) से संबंधित एक बड़े राशन घोटाले का खुलासा हुआ है। ग्राम पंचायत व्यौतहरा में तैनात एक उचित दर विक्रेता पर सरकारी खाद्यान्न की कालाबाजारी का आरोप है, जिसके बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया है। पूर्ति निरीक्षक अशोक कुमार की शिकायत पर पुरानी बस्ती थाने में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा संख्या 63/26 दर्ज किया गया है। आरोप है कि विकास खंड साऊंघाट की ग्राम पंचायत व्यौतहरा के उचित दर विक्रेता राम गोपाल चौधरी ने निजी लाभ के लिए सरकारी कोटे का 44.073 क्विंटल गेहूं और 68.757 क्विंटल चावल हड़प कर उसकी कालाबाजारी की। यह घोटाला तब सामने आया जब खाद्यान्न वितरण में अनियमितताओं की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। जांच में रिकॉर्ड और वास्तविक वितरण के बीच बड़ा अंतर पाया गया, जिसके बाद विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए विक्रेता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पूर्ति निरीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जरूरतमंदों के हक पर डाका डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की भी जांच की जाएगी और सभी दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments