कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग की निशानगाड़ा रेंज में रविवार सुबह करीब 7 बजे जंगल से निकले लगभग 20 हाथियों के झुंड ने ग्रामीणों में दहशत फैला दी। हाथियों का यह झुंड आज़मगड़पुरवा गांव के पास देखा गया। आजमगड़पुरवा गांव के पास ओरई नाला में कुछ हाथी नहाते हुए देखे गए। वहीं, कुछ हाथी वन विभाग के पेट्रोलिंग कैंप के पास घूमते नजर आए। ग्रामीणों ने हाथियों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर गजमित्रों जयनारायन, सुरेश मौर्य, विनीता देवी, रंभा, अभय पांडेय, मंगली और पुरन ने तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने वन विभाग की टीम के साथ मिलकर आसपास के गांवों में अलर्ट जारी किया। टीम लगातार मुनादी कर ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और रात में अकेले बाहर न निकलने की सलाह दे रही है। रेंजर शिवप्रसाद ने बताया कि वन विभाग हाथियों पर लगातार नजर रख रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथी दिखने पर उनसे उचित दूरी बनाए रखें और उनके पास जाने की कोशिश न करें।
निशानगाड़ा रेंज में 20 हाथियों का झुंड दिखा:पेट्रोलिंग कैंप के पास ग्रामीणों में दहशत फैली
RELATED ARTICLES












