लखनऊ। महानगर इलाके में पांच साल की बच्ची से छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी बहला फुसलाकर नाबालिग को अपने साथ ले गया। इसके बाद सुनसान जगह पर शराब के नशे में छेड़छाड़ करने लगा। आरोपी के चंगुल से छूटी बच्ची ने पूरी घटना अपनी मां को बताई। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
इंस्पेक्टर महानगर अखिलेश मिश्रा ने बताया कि मंगलवार को पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया उसकी 5 साल की बेटी के साथ छेदी लाल नाम के व्यक्ति ने छेड़छाड़ की है। छेदीलाल नाबालिग बेटी को अपनी स्कूटी पर बहला फुसला कर बैठा लिया। इसके बाद तिकुनिया पार्क के पीछे सुनसान जगह पर कपड़े प्रेस करने वाली दुकान के अंदर शराब के नशे में छेड़छाड़ करने लगा। उसकी बेटी को गलत नियत से प्राइवेट पार्ट से छेड़छाड़ की। इसके बाद आरोपी उसे घर के पास छोड़कर फरार हो गया।
बेटी काफी गुमशुम थी वजह पूछने पर उसने रोते हुए पूरी घटना बताई। इसके बाद पीड़िता की मां ने थाने आकर शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित की गई। इसके बाद आरोपी को देर रात सौमित्र वन के पास अकबरनगर बंधा से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान नगर निगम फ्लैट कॉरपोरेशन अकबरनगर बंधा सचिवालय कॉलोनी निवासी छेदीलाल (56) के रूप में हुई। आरोपी पेशे से ड्राइवर है। गिरफ्तार आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।












