सोनीपत। सोनीपत के कुंडली स्थित टीडीआई सिटी के बीपीएल फ्लैट्स में रविवार की रात हुए तिहरे हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई। एक व्यक्ति ने पति-पत्नी समेत एक अन्य महिला पर तेजधार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी।
घटना के बाद फ्लैट्स में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए। मृतकों की पहचान विजय और उसकी पत्नी सुनीता निवासी कोट मोहल्ला, सोनीपत तथा स्वाति निवासी गांव बड़ौली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों पर तेजधार हथियार से कई वार किए गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कुंडली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात को बीपीएल फ्लैट्स में रहने वाले ब्रह्मप्रकाश ने अंजाम दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने शराब के नशे में इस घटना को अंजाम दिया।
हालांकि हत्या के पीछे की असली वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। पुलिस आरोपी की मानसिक स्थिति और मृतकों से उसके संबंधों को लेकर भी जांच कर रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही जिले के आला अधिकारी और एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि वारदात से जुड़े हर पहलू का पता लगाया जा सके।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या में इस्तेमाल हथियार और घटना के तरीके को लेकर और खुलासा होने की संभावना है।
सोनीपत पुलिस मामले की कई पहलुओं पर जांच कर रही है। आरोपी से जुड़े लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या के पीछे की असली वजह सामने लाई जा सके।












