नगर पंचायत भारत भारी के व्यस्त मोतीगंज चौराहे पर लगी स्ट्रीट लाइट का उभरा हुआ कंक्रीट फाउंडेशन राहगीरों के लिए लगातार परेशानी का सबब बन रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क के बीचों-बीच बने इस फाउंडेशन से टकराकर आए दिन पैदल चलने वाले लोग, साइकिल सवार और मोटरसाइकिल चालक चोटिल हो रहे हैं। जबकि यह चौराहा नगर पंचायत भारत भारी क्षेत्र का एक अति महत्वपूर्ण बाजार और आवागमन का केंद्र है, जहाँ दिनभर लोगों की भारी आवाजाही रहती है। ऐसे में सड़क पर उभरा यह फाउंडेशन दुर्घटनाओं को न्योता दे रहा है। रात के समय और बरसात के दौरान इसकी वजह से खतरा और बढ़ जाता है। नगर पंचायत भारत भारी के मोतीगंज निवासी सोनू प्रसाद ने बताया कि अब तक कई लोग इस फाउंडेशन से टकराकर गिर चुके हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इसे सुरक्षित नहीं किया गया, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। नगर पंचायत वासी अखिलेश कुमार ने कहा कि स्ट्रीट लाइट लगाना एक अच्छी पहल है, लेकिन इसके फाउंडेशन को असुरक्षित छोड़ देना लोगों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने नगर पंचायत प्रशासन से तत्काल इस पर कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय निवासी एवं दुकानदार जहीर अहमद ने बताया कि मोतीगंज बाजार में आने-जाने वाले बुजुर्ग और बच्चे सबसे अधिक इस फाउंडेशन प्रभावित हो रहे हैं। कई लोग गिरकर चोटिल हुए हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। इसी प्रकार टाउन के ही निवासी लाल मोहन ने सुझाव दिया कि नगर पंचायत प्रशासन को जनहित में फाउंडेशन के चारों ओर सुरक्षा घेरा बनाना चाहिए अथवा इसे सड़क के स्तर पर समतल कराना चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। इस संबंध में नगर पंचायत भारत भारी के अधिशासी अधिकारी (ईओ) राजन गुप्ता ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि संबंधित स्थल का निरीक्षण कराया जाएगा और यदि फाउंडेशन से लोगों को परेशानी हो रही है, तो आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएंगे।
मोतीगंज चौराहे पर स्ट्रीट लाइट फाउंडेशन से बढ़ी दुर्घटनाएं:राहगीरों ने जताई नाराजगी, ईओ ने कार्रवाई का दिया आश्वासन दिया
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












